सांसद किरण खेर की मनीमाजरा स्थित माडर्न कांप्लेक्स में हुई एक चुनावी सभा में बिजली की व्यवस्था कुंडी कनेक्शन से की गई। माडर्न कांप्लेक्स कैटेगिरी वन पार्क में बुधवार शाम को हुई चनावी सभा में साउंड सिस्टम और लाइट के लिए बिजली का कनेक्शन पार्क में लगे बिजली के खंभे के बॉक्स से कुंडी के जरिए लिया गया था।
किरण खेर वार्ड नंबर 25 से भाजपा प्रत्याशी जगतार सिंह जग्गा के पक्ष में वोट मांगने सभा में पहुंची थीं। सभा के दौरान माडर्न कांप्लेक्स रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान कर्नल (रिटा. ) गुरसेवक सिंह ने पार्क में पानी की लीकेज की समस्या का हल कराने की मांग सांसद से की।
जब कुंडी कनेक्शन के बारे में भाजपा प्रत्याशी जगतार सिंह जग्गा से बात की गई तो उनका कहना था कि उनो कार्यक्रम में बुलाया गया था। कार्यक्रम उन्होंने नहीं करवाया है।
उनको नहीं पता किसने कुंडी कनेक्शन लगाया। वहीं वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रमेश गोयल ने कहा किभाजपा इस तरह गलत कार्य करके सरकारी प्रापर्टी का गलत इस्तेमाल कर रही है। वह इस कुंडी कनेक्शन के खिलाफ चुनाव आयोग और बिजली विभाग को शिकायत करेंगे।
साढ़े पांच बजे मेरे पास भी फोन आया था कि कार्यक्रम में कुंडी कनेक्शन से बिजली ली गई है। मैंने तुरंत कांप्लेक्स में जेई को भेजा तो कार्यक्रम खत्म हो चुका था। मेरे पास भी कुंडी कनेक्शन की फोटो आई है। जिसने भी यह किया था, उसके खिलाफ जांच करके कार्रवाई की जाएगी। -बलवीर सिंह, एसडीओ, बिजली विभाग