खालिस्तान जिंदाबाद, मिशन 2020 के पोस्टर
असामाजिक तत्व लगातार देश में अशांति फैलने की कोशिश कर रहे हैं। एक बार फिर ऐसा किया गया, क्योंकि खालिस्तान जिंदाबाद, मिशन 2020 के पोस्टर लगे मिले हैं। मामला हरियाणा के सिरसा का है। पंजाब की सीमा से सटे उपमंडल मंडी डबवाली में बुधवार रात सार्वजनिक स्थानों पर खालिस्तान जिंदाबाद लिखे पोस्टर चस्पा कर दिए गए। जैसे ही इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन को मिली तो उनके हाथ-पांव फूल गए।
आनन-फानन में पुलिस की गाड़ियां नगर में दौड़ती नज़र आने लगीं। रेलवे स्टेशन के समीप स्थित महर्षि वाल्मीकि चौक, हरियाणा बस स्टैंड, न्यू बस स्टैंड रोड, बठिंडा गोल चौक, वाटर वर्क्स रोड स्थित श्री वैष्णो माता मंदिर, पंजाब बस स्टैंड सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर ये पोस्टर चस्पा किए गए। वहीं पोस्टर लगने के बाद लोगों में दहशत फैली हुई है। उधर, पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही नगर में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कै मरे खंगाले जा रहे हैं।
खालिस्तान जिंदाबाद के साथ मिशन 2020 लिखा है
खालिस्तान जिंदाबाद, मिशन 2020 के पोस्टर
मिली जानकारी के अनुसार, इन पोस्टरों में खालिस्तान जिंदाबाद के साथ-साथ मिशन 2020 भी लिखा गया है। वीरवार सुबह जब बस अड्डा रोड पर कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोलीं तो उन्हें दीवार पर खालिस्तान जिंदाबाद व मिशन 2020 अंग्रेजी और पंजाबी में लिखे हुए पोस्टर नजर आए। अहम बात यह है कि इसी रोड पर पुलिस थाना भी है। दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही पुलिस ने आनन फानन में दीवारों पर चिपके उक्त सभी पोस्टर्स को हटाकर अपने कब्जे में लिया।
रातोंरात दीवारों पर खालिस्तान जिंदाबाद व जरनैल सिंह भिंडरावाला की फोटो लगे पोस्टर चस्पा होने से लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। कुछ लोग इसे आगामी 15 अगस्त को होने वाले विशेष कार्यक्रम में अफरातफरी मचाने के उद्देश्य से कुछ असामाजिक लोगों की कोशिश मान रहे हैं तो कुछ लोग इसे पंजाब के आतंकवाद के हरियाणा में पुन: सक्रिय होने का आरंभ मान रहे हैं।
बाइक पर सवार होकर आए थे युवक
खालिस्तान जिंदाबाद, मिशन 2020 के पोस्टर
शहर में विभिन्न स्थानों पर तैनात पहरेदारों ने बताया कि बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे चार-पांच अज्ञात युवक दो-तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। जिन्होंने अपने मुंह रुमाल से ढांप रखे थे। उन्होंने सोचा कि रोजाना ही कोई न कोई विज्ञापन के लिए पोस्टर चस्पा करता रहता है। उक्त युवक भी ऐसे ही किसी विज्ञापन के पोस्टर लगा रहे होंगे, लेकिन इस बारे में उन्हें आज सुबह पता चला।
इस सिलसिले में पुलिस थाना डबवाली के सब इंस्पेक्टर रामनिवास से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों की ओर से पोस्टर लगाकर शरारत करने की कोशिश की गई है, जिसकी पुलिस पड़ताल कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एक दो संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी की है मगर कोई बात सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।