तरनतारन जिले में खडूर साहिब विधानसभा हलके के उपचुनाव के लिए शनिवार को 58 फीसदी मतदान हुआ। मतदान शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
सुबह 8 बजे शुरू हुआ मतदान पहले धीमा रहा और 9.30 बजे तक केवल पांच फीसदी वोटरों ने ही वोट डाले। हालांकि बाद में इसमें तेजी आई और केंद्रों पर लाइनें लग गईं। हलके में 1,87,184 वोटर हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर करीब 2100 सुरक्षा जवानों को तैनात किया गया था।
इनमें पुलिस के 1500 कर्मचारी और अर्धसैनिक बलों की छह कंपनियां शामिल थीं। खडूर साहिब के कुल 132 पोलिंग स्टेशन में से 31 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। 16 फरवरी को नतीजों का एलान किया जाएगा।
सिक्की के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट
श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक रमनजीत सिंह सिक्की ने इस्तीफा दे दिया था। इससे यह सीट खाली हो गई थी। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी उपचुनाव से दूर हैं।
मैदान में सात उम्मीदवार हैं जिनमें शिअद उम्मीदवार रविंदर ब्रह्मपुरा प्रमुख हैं। आप के बागी डॉ. सुमेल सिद्धू और कांग्रेस के बागी भूपिंदर सिंह बिट्टू समेत छह आजाद उम्मीदवार मैदान में हैं।
-----------------------------
अकाली दल ने झोंकी पूरी ताकत
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के उपचुनाव से हटने के बाद भी अकाली दल ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी थी। पार्टी अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने भी हलके में कई सभाएं की थीं।