आम आदमी पार्टी के पटियाला सीट से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने वीरवार को पासी रोड पर पार्टी दफ्तर से मिनी सचिवालय तक रोष मार्च निकाला। वहां डीसी दफ्तर के बाहर जोरदार धरना दिया गया।
इस मौके पर नई दिल्ली में तिहाड़ जेल के बाहर शांतिपूर्ण ढंग से रोष मार्च करते आम आदमी पार्टी के सीनियर नेताओं और वालंटियरों के साथ पुलिस की ओर से की गई धक्केशाही और अरविंद केजरीवाल को जेल भेजने का विरोध किया गया। इस संबंध में डीसी को मांग पत्र भी सौंपा गया।
डॉ. गांधी ने कहा कि पार्टी वर्कर और सीनियर लीडर बेहद शांतिपूर्ण ढंग से तिहाड़ जेल के बाहर रोष प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उनके साथ धक्केशाही की, जिसे बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव वाले दिन गांव जलालाबाद में अकाली पार्टी के वर्करों की ओर से आप वर्करों पर हुए हमले में पुलिस ने ठीक ढंग से कार्रवाई नहीं की। इस मामले में अदालत ने भी पुलिस की बनती कार्रर्वाई न करने पर निंदा की है। साथ ही जांच करके बनती धारा को बढ़ाने के लिए कहा है।
चोर को चोर कहना गलत नहीं : आप
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को जेल भेजने के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने वीरवार को पूरे पंजाब में विरोध स्वरूप धरने दिए। जालंधर में भी डीसी ऑफिस के सामने जालंधर के नौ विधानसभा क्षेत्रों के नेता और सदस्य धरना देने के लिए पहुंचे। इस दौरान आप नेताओं ने कहा कि चोर को चोर कहना गलत नहीं है। गडकरी को अगर अरविंद केजरीवाल ने चोर कहा है तो उसमें कोई गलत बात नहीं है। गडकरी के खिलाफ ऐसे कई आपराधिक मामले कोर्ट में चल रहे हैं।
आप नेताओं ने कहा कि इस समय भारत में हालात ऐसे हैं कि अगर कोई व्यक्ति किसी को चोर कहता है तो उसे उठाकर जेल में डाल दिया जाए। आप के नेता हिमांशु पाठक ने कहा कि सुनवाई में क्या फैसला आता है, उसी के बाद आगे की रणनीति बनाई जाएगी। इस धरने में जोगिंदर सिंह मुलतानी, राजीव आनंद, कंवलजीत भट्टी, गुरमीत राम, उदयप्रताप राठौर, कंवलदीप सिंह, जोगिंदर सिंह, सुखदेव सिंह, मेघा सिंह, जसविंदर सिंह कंग, सुखचैन सिंह, राम प्यारा, रूप लाल, सतपाल आजाद, गुरमेल सिंह, सतनाम सिंह, कुमार रिंकू तथा आप के कई अन्य नेता व सदस्य हाजिर थे।