पंजाबी पॉप गायक दलेर मेहंदी कबूतरबाजी केस में समझौता करने के लिए सहमत हो गए हैं। दलेर अब अपने खिलाफ कबूतरबाजी के आरोप वाली एफआईआर रद्द कराने के लिए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में जल्द याचिका दायर कर सकते हैं।
शिकायतकर्ता के वकील सतीश करकरा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों पक्षों में जल्द समझौते की उम्मीद है। इसलिए सोमवार को फिर से दोनों पक्षों ने जज सुखविंदर सिंह की कोर्ट से और समय मांग लिया। इसके बाद कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई 12 जून तय कर दी।
एडवोकेट करकरा ने बताया कि बहुचर्चित कबूतरबाजी केस में दोनों पक्षों के लोग समझौते के लिए सहमत हो चुके हैं। इस कारण ही पटियाला कोर्ट में केस की कार्यवाही में देरी हो रही है।
उम्मीद है कि जल्द ही समझौता हो जाएगा। इसके बाद दलेर मेहंदी की तरफ से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में उनके खिलाफ कबूतरबाजी के आरोपों में दर्ज एफआईआर को खत्म कराने के लिए याचिका दायर की जाएगी, क्योंकि कुछ धाराएं ऐसी होती हैं, जिन्हें केवल हाईकोर्ट ही खत्म कर सकता है।