बहुचर्चित कठुआ कांड की सुनवाई सोमवार को पठानकोट की जिला अदालत में हुई और 17 में से केवल एक गवाह आया। जिला एवं सेशन जज तजविंदर सिंह ने एसएसपी क्राइम ब्रांच जम्मू रमेश कुमार को अदालत में हाजिर होने को कहा था। इसलिए वे भी अदालत के सामने पेश हुए और उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी गवाह पेश कर दिए जाएंगे।
आठ जून को गवाहों की पेशी का सिलसिला शुरू होना था, लेकिन उस दिन 17 में से कोई भी गवाह अदालत में पेश नहीं हुआ। नौंवे दिन अदालत में गवाहों के बयान कलमबंद होने का सिलसिला शुरू हो गया। सोमवार को चार गवाहों के बयान कलमबंद होने थे। लेकिन केवल एक गवाह ही पेश हो पाया। अभियोजन तथा पुलिस की ओर से तैनात वकील ने उसके बयान दर्ज किए।
गौरतलब है कि कठुआ रेप व मर्डर मामले में सात को आरोपी और 221 लोगों को गवाह बनाया गया। गवाही का यह सिलसिला लंबा चलने वाला है। जिला पुलिस की ओर से सोमवार को भी सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद रखा गया था। गौरतलब है कि कोर्ट की ओर से यह निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी गवाह का नाम, सार्वजनिक तौर पर नहीं छापा जाएगा। न ही वकील का नाम उजागर किया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले अदालत ने इस मामले में सातों आरोपियों एसपीओ सुरेंद्र कुमार, विशाल, एसपीओ दीपक खजूरिया, सब इंस्पेक्टर आनंद दत्ता, सांझी राम, कांस्टेबल तिलक राज तथा एक अन्य को वीरवार यानी सात जून को कोर्ट में पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान इन पर कोर्ट ने आरोप तय कर दिए थे।