चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल में वीरवार को सुहागिनों ने उत्साह के साथ करवा चौथ का त्योहार मनाया। इस दौरान महिलाएं मंदिरों में सज धजकर पहुंचीं। सुहागिनों ने करवा चौथ की कथा सुनी और सर्व सुहागन करवड़ा ...गीत गाते हुए थालियां बटाकर अपने पति की दीर्घायु के लिए कामना की। पूरा दिन उपवास रखने के बाद रात में 8.06 बजे के बाद चांद का दीदार कर छलनी से अपने पति को देखा। चंद्रमा को अर्घ्य प्रदान कर अपने पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत पूरा किया।
सेक्टर 28 के खेड़ा शिव मंदिर के प्रमुख पुजारी आचार्य ईश्वर चंद्र शास्त्री और सुभाष शर्मा ने महिलाओं को करवा की कथा सुनाई। सेक्टर-30 के शिव शक्ति मंदिर के प्रधान यादविंदर मेहता ने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाएं मंदिर में पहुंची। सेक्टर-20 के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, गुग्गा माड़ी श्री हनुमान मंदिर, सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर, सेक्टर-18 के श्री राधा कृष्ण मंदिर के अलावा शहर के सभी मंदिरों में बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाएं कथा सुनने और थालियां बंटाने के लिए पहुंचीं।
सुखना लेक पर सेल्फी ली
करवा चौथ को यादगार बनाने के लिए सुहागिनें सुखना लेक पर चांद का दीदार करने के लिए पहुंचीं। सुहागिनों ने छलनी से चांद का दीदार किया। इसके बाद पति के हाथों से पानी पीकर व्रत को खोला। सुखना लेक पर सुहागिनों ने अपने पति के साथ सेल्फी भी ली। महिला पुलिस कर्मचारियों ने भी चांद का दीदार कर और अर्घ्य देकर व्रत खोला।
बेस्ट ड्रेस अप का अवॉर्ड दिया
सनातन धर्म मंदिर सेक्टर-11 बी चंडीगढ़ की ओर से भी करवा चौथ मनाया गया। मंदिर के प्रधान अरुणेश अग्रवाल ने बताया कि मंदिर के पुजारी पंडित महादेव प्रसाद शुक्ला, सिद्ध नाथ तिवारी, पंडित संजय और पंडित विश्वनाथ ने पूजा करवाने के साथ करवा की कथा सुनाई। मंदिर में पांच सौ से भी अधिक महिलाओं ने पूजा की। कार्यक्रम में समाज सेविका एवं लेखिका मंजू मल्होत्रा मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचीं। उन्होंने नारी उत्थान पर सुंदर कविता सुनाई। इस अवसर पर कार्यक्रम की जज और मुख्य अतिथि मंजू मल्होत्रा ने अनु चौधरी और दो महिलाओं को बेस्ट ड्रेसअप का अवॉर्ड दिया।
डीजे की धुनों पर महिलाओं ने किया डांस
सेक्टर-35 के एक निजी होटल में महिलाओं ने करवा चौथ का त्योहार मनाया। सामाजिक कार्यकर्ता रितु गर्ग, पूजा, दीक्षा व नीतू ने बताया कि समय के साथ महिलाओं में पूजा-पाठ व आस्था वही है। महिलाओं के सजने-संवरने और सेलिब्रेशन का तरीका बदला है। इस मौके पर तंबोला का आयोजन हुआ। डीजे की धुनों पर महिलाओं ने डांस भी किया। दोपहर पंडित जी ने पूजा करवाई।
पूर्व मेयर की पत्नी ने सहेलियों संग मनाया त्योहार
उधर, सेक्टर 37 के मकान नंबर 1133 में पूर्व मेयर रविकांत शर्मा की पत्नी रमा शर्मा ने अपनी सहेलियों के साथ करवा चौथ का त्योहार मनाया। रमा शर्मा ने अपनी सहेलियों सहित पूजा की। इस मौके पर निर्मल डोगरा, चंदन गुप्ता, संगीता शर्मा, रितु सिंगला, बिंदु चड्ढा, स्वाति सिंगला, सिम्मी, माधवी, लक्ष्मी, नेहा ने ने पूजा की।
कम्युनिटी सेंटर में लक्की ड्रॉ और गिफ्ट बांटे
सेक्टर-35 के पार्क में एरिया पार्षद प्रेम लता के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने करवा चौथ का त्योहार उत्साह के साथ मनाया। इस दौरान कई प्रकार के गेम्स खेले गए। इस मौके पर पूर्व मेयर हरजिंदर कौर और पूर्व पार्षद चंद्रावती शुक्ला सहित कई महिलाएं उपस्थित रही। सेक्टर 21 के कम्युनिटी सेंटर में बड़ी संख्या में महिलाएं करवा चौथ पर पहुंची। इस दौरान गेम्स, लक्की ड्रॉ और गिफ्ट भी बांटे गए।