कपूरथला में लगभग 18 दिन पहले गोविंदवाल पुल से जालंधर वासी दो सगे भाइयों ने ब्यास दरिया में छलांग लगा ली थी। एक भाई का शव बरामद हो चुका है, दूसरे की तलाश जारी है। तीन पहले दरिया के नजदीक खेतों से शव मिलने के बाद तलवंडी चौधरिया थाना में जालंधर की डिवीजन एक के तत्कालीन एसएचओ सहित 3 पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया था।
अब एसएचओ नवदीप सिंह सहित तीनों आरोपियों का लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। केस दर्ज होने के बाद सभी आरोपी कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया था। तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं। कपूरथला पुलिस द्वारा आरोपियों के लुक आउट नोटिस जारी करने की पुष्टि डीएसपी सुल्तानपुर लोधी बबनदीप सिंह ने की है।
यह भी पढ़ें: Haryana: यौन शोषण मामले में मंत्री संदीप सिंह को गिरफ्तारी का डर, चंडीगढ़ कोर्ट से मांगी अग्रिम जमानत
जालंधर के थाना डिवीजन एक में तैनात तत्कालीन एसएचओ नवदीप सिंह, मुंशी बलविंदर और महिला कांस्टेबल जगजीत कौर द्वारा थाने में टॉर्चर और अपमानित करने के बाद दो सगे भाइयों मानवजीत और जश्नवीर ने 18 दिन पहले गोइंदवाल साहिब के पुल से ब्यास में छलांग लगा दी थी। तीन दिन पहले जश्नवीर का शव दरिया के नजदीक खेतों से मिल गया था। दूसरे भाई की तलाश के लिए टीमें लगी हुई हैं।
जश्नवीर का शव मिलने के बाद नवदीप सिंह, मुंशी तथा एक महिला कांस्टेबल पर मामला दर्ज किया गया था और तीनों पुलिस मुलाजिम लाइन हाजिर कर दिए गए थे। सूत्रों के अनुसार, अंडरग्राउंड हुए तीनों आरोपी अपने वकीलों के संपर्क में हैं और अग्रिम जमानत के लिए प्रयास कर रहे हैं।