ज्योतिसर रजवाह में डूबकर आठवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। यह छात्र मंगलवार शाम को चार बजे घर से निकला था। जिसका शव बुधवार सुबह ज्योतिसर नहर से पिहोवा जाने वाले रजवाहे में मिला।
पुलिस ने एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ज्योतिसर चौकी इंचार्ज चानन राम ने बताया कि पता चला है कि किशोर बलिंद्र पुत्र बचनाराम घर से शाम को चार बजे निकला था।
जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरु की, लेकिन इसका कुछ पता नहीं चला। ढूंढते-ढूंढते परिजन व अन्य ग्रामीण जब ज्योतिसर नहर की ओर पहुंचे तो रजवाहे के घाट पर उसके कपडे़ मिले लेकिन उसे खोजने का प्रयास नहीं किया गया।
क्योंकि किशोर अच्छी तरह से तैराना जानता था। लोगों ने अनुमान लगाया कि थोड़ी देर बार वह अपने-आप घर आ जाएगा। जब सारी रात किशोर घर नहीं पहुंचा तो सुबह परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पानी कम करवाकर उसकी तलाश आरंभ की। काफी ढूंढने पर बलिंद्र का शव रजवाहे से मिल गया। शव मिलते ही वहां विलाप शुरू हो गया।
पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।