राष्ट्रपति की सिफारिश के पूरे तीन महीने बाद वीरवार को कर्नाटक हाईकोर्ट के जस्टिस एसएन सत्यनारायण ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जज के पद की शपथ ले ली है। चीफ जस्टिस रवि शंकर झा ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। कोविड-19 के चलते जस्टिस एसएन सत्यनारायण के शपथ ग्रहण समारोह में चीफ जस्टिस के अलावा हाईकोर्ट एडमिनिस्ट्रेटिव कमेटी के जज ही शामिल हुए।
शपथ ग्रहण भी हाईकोर्ट के पुराने कॉन्फ्रेंस हाल में आयोजित किया गया था। जस्टिस एसएन सत्यनारायण 9 जून 2008 को कर्नाटक हाईकोर्ट में एडिशनल जज नियुक्त हुए थे। इस लिहाज से वह पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में वरिष्ठता क्रम में सातवें स्थान पर होंगे। 15 जनवरी 1959 को कर्नाटक में जन्मे जस्टिस एसएन सत्यनारायण ने लॉ की डिग्री हासिल कर बैंगलोर हाईकोर्ट से वकालत शुरू की थी।
9 जून 2008 को उन्हें कर्नाटक हाईकोर्ट में एडिशनल जज नियुक्त किया गया था। तब से वह कर्नाटक हाईकोर्ट में कार्यरत थे। फ़िलहाल हाईकोर्ट में 55 जज कार्यरत हैं। जस्टिस सत्य नारायण के पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पदभार संभलाने के बाद हाई कोर्ट में जजों की संख्या 56 हो गई है।