चंडीगढ़। मोहाली के अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश बरजिंदर पाल सिंह की पत्नी जसलीन कौर के खाते से करीब 30 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। यह मामला 27 जून 2023 का है लेकिन इसका पता बैंक स्टेटमेंट निकालने पर कुछ समय बाद चला। इसके बाद जसलीन कौर ने यूटी पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने सेक्टर-36 थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हैरानी की बात है कि पुलिस जांच और लीगल ओपिनियन लेने में ही 17 महीने में निकल गए।
शिकायतकर्ता जसलीन कौर बीते 8 अगस्त 2023 को रेड फ्लैट एमए सेक्टर-61 ने ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनके एचडीएफसी बैंक खाते से बीते 27 जून 2023 को उनकी अनुमति के बिना डेबिड कार्ड का इस्तेमाल कर चार ट्रांजेक्शन में लगभग 30 हजार रुपये निकाल लिए गए। जसलीन कौर ने कहा कि बिना पिन नंबर डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करना संदेह पैदा करता है। उन्होंने इसकी जांच सेक्टर-17 साइबर सेल से करवाने की मांग की है।
यूटी पुलिस के ऑनलाइन पोर्टल पर 8 अगस्त 2023 को शिकायत दर्ज कराई गई थी लेकिन पुलिस को केस दर्ज करने में करीब 17 महीने लग गए। पुलिस ने मामला दर्ज करने के लिए सबसे पहले अप्रूवल के लिए अफसरों को भेजा। सरकारी अधिवक्ता से लीगल ओपिनियन लिया। इन दोनों जगहों से मंजूरी मिलने के बाद अब सेक्टर-36 पुलिस थाने में अज्ञात के खिलाफ आईपीसी एक्ट-379 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है ताकि कार्रवाई अमल में लाई जा सके।