चंडीगढ़। जीरकपुर के बलटाना के रहने वाले एक व्यक्ति को वर्क परमिट पर कनाडा भेजने और पीआर दिलवाने के नाम पर 16 लाख रुपये का ठगने का मामला सामने आया है। इस मामले में सेक्टर-17 थाने में एडवांस आईईएलटीएस इंस्टीट्यूट इमिग्रेशन कंपनी के संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता दलीप सिंह ने बताया कि वह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त है। उनका परिवार संत गुरमेल सिंह चमकौर साहिब (पंजाब) वालों का भक्त है। शिकायतकर्ता ने डेरे में अपने बेटे परविंदर सिंह के कनाडा में बसने के बारे में चर्चा की थी। संत गुरमेल सिंह ने डेरे के ही भक्त किरणदीप कौर के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने 14 अगस्त 2023 को फोन के जरिए बात की। अगले दिन सेक्टर-17 स्थित कार्यालय में मिलने गए, जहां आरोपी किरणदीप कौर व उनका भाई गुरजंट सिंह भुल्लर मिला। बातचीत में उनके बेटे को कनाडा में बसाने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों के बीच 32 लाख रुपये में कनाडा भेजने की बात हुई। उन्होंने 16 लाख रुपये दे दिए लेकिन कंपनी ने न तो वीजा लगवाया और न पैसे वापस किए। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।