आम बजट में सोने-चांदी के जेवर पर एक फीसदी एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में ट्राइसिटी के ज्वैलर्स की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। ज्वैलर्स एसोसिएशन ने अपनी मांगें पूरी न होने तक हड़ताल जारी रखने का एलान किया है। साथ ही एसोसिएशन ने शहर की सांसद किरण खेर पर कोई मदद न करने का आरोप भी लगाया है।
सेक्टर-7 में आयोजित प्रेसवार्ता में चंडीगढ़ के ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद तलवार ने कहा कि सरकार ने दो लाख और उससे अधिक की ज्वेलरी खरीदने पर पैन कार्ड अनिवार्य कर पहले ही मुश्किलें बढ़ी थी। जबकि, सरकारी रिकार्ड के अनुसार देश में सिर्फ 14 प्रतिशत लोगों का ही पैन कार्ड बना है। इसके बाद एक प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगाकर सरकार ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
उन्होंने कहा कि जब ज्वैलर्स कमाएंगे नहीं तो वह भरेंगे क्या। इस दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के सदस्य सांसद किरण खेर से दो बार मिलने गए, लेकिन उनके पीए ने जवाब दिया कि मैडम अभी संसद सत्र में व्यस्त हैं। जब वह आएंगी तो आप लोगों को मिलवा दिया जाएगा।
हड़ताल में शादी के गहने भी अटके
हड़ताल के दौरान एडवांस देने वालों को क्या आप दुकान खोलकर आभूषण देंगे। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब बात हमारे रोजी-रोटी का है तो सब बंद रहेगा। जिन्होंने एडवांस दिया है उनको भी इंतजार करना पड़ सकता है।
पीछे के दरवाजे से चल रहा व्यापार
प्रेस वार्ता के दौरान एसोसिएशन के सदस्यों से जब यह पूछा गया कि क्या पीछे के दरवाजे से व्यापार चल रहा है तो सदस्यों ने इसका जवाब देने से इनकार कर दिया। बाद में स्वीकार किया कि कुछ जरूरी काम को पूरा किया जाता है। अगर किसी को बाहर जाना है या कोई अन्य जरूरी काम है तो ग्राहकों को जेवर मुहैया करवाया जाता है।