नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2019 के परिणाम और रैंकिंग की घोषणा सोमवार देर रात कर दी। जेईई मेन की परीक्षा में चंडीगढ़ और पंचकूला के कई छात्रों ने परचम लहराया है। पंचकूला के भवन विद्यालय के 12वीं के छात्र आशुतोष सिंगला ट्राइसिटी के टॉपर रहे हैं। उनका ऑल इंडिया रैंक 50वां है। आशुतोष के पिता अशोक सिंगला सेक्टर-9 स्थित चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड में एसडीओ के पद पर तैनात हैं। चंडीगढ़ के दीक्षांक जिंदल 57वीं रैंक के साथ ट्राइसिटी में दूसरे नंबर पर रहे हैं। दीक्षांक ने चंडीगढ़ के भवन विद्यालय से 12वीं और सेंट जॉन्स स्कूल से 10वीं की पढ़ाई की है। वहीं, चंडीगढ़ के शिवेश गुप्ता ने 69वीं रैंक पाकर ट्राइसिटी में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। उधर, पीडब्ल्यूडी (पर्सन विद डिसेबिलिटी) वर्ग में शहर के वंश देशभर में सेकेंड टॉपर हैं। सभी विद्यार्थियों ने एलन करियर, लक्ष्य और चैतन्य इंस्टीट्यूट से कोचिंग की है।
पटियाला के जयेश सिंगला का देशभर में चौथा स्थान
पटियाला के अपोलो पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले जयेश सिंगला ने पटियाला के साथ पूरे पंजाब का नाम रोशन किया है। उन्होंने देशभर में चौथी रैंक हासिल की है। पेपर-1 में जयेश के 100 फीसदी अंक आए थे। जयेश ने यादविंद्रा पब्लिक स्कूल से दसवीं की पढ़ाई की है, जिसमें 97.4 प्रतिशत स्कोर किया। वह एक कंप्यूटर प्रोग्रामर बनना चाहते हैं। जयेश चंडीगढ़ में दो साल से जेईई मेन की तैयारी कर रहे थे। जयेश के पिता डॉ. अजय सिंगला पटियाला में बाल रोग विशेषज्ञ हैं जबकि मां डॉ. मोनिका स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं।
जयेश सिंगला, हरियाणा के द्रव्य मारवाहा को मिले 100 फीसदी अंक
एनटीए ने नेशनल टॉपर की सूची के साथ-साथ पहली बार स्टेट टॉपर की सूची भी जारी की है। इसमें आकाश सोलंकी हिमाचल प्रदेश, अमन यादव जम्मू कश्मीर, द्रव्य मारवाहा हरियाणा, शुभम श्रीवास्तव दिल्ली, जयेश सिंगला पंजाब, प्रतीक टिंबरवाल उत्तराखंड, हिमांशु गौरव सिंह उत्तर प्रदेश प्रदेश के टॉपर बने है। इसमें पंजाब के जयेश सिंगला, हरियाणा के द्रव्य मारवाह व जितेंद्र कुमार यादव, उत्तर प्रदेश के नमन गुप्ता व हिमांशु गौरव सिंह को सौ पर्सेंटाइल मिला है। इसी रैंकिंग के आधार 2 लाख 45 हजार छात्रों को आईआईट में दाखिले के लिए आयोजित जेईई एडवांस 2019 की परीक्षा में भाग लेने का मौका मिलेगा। जेईई मेन 2019 की रैंकिंग में देशभर के 24 छात्रों ने सौ फीसदी पर्सेंटाइल हासिल किया है।
इस साल दो हिस्से में हुई थी परीक्षा
इस साल जेईई मेन दो भागों में आयोजित की गई थी। पहला जनवरी 2019 में और दूसरा अप्रैल 2019 में आयोजित किया गया था। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट फॉर्मेट में मल्टीपल स्लॉट पर आयोजित की गई थी। उम्मीदवारों का फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स का टेस्ट लिया गया था। ओवरऑल स्कोरिंग 360 में से थी यानी प्रत्येक सेक्शन के लिए 120 अंक।