जाटों को केंद्र में ओबीसी में शामिल करने के भाजपा सरकार द्वारा पैरवी करने के आश्वासन से ही पिछड़ा वर्ग भड़क गया है। भाजपा की पैरवी से नाराज पिछड़ा वर्ग के लोगों ने केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का पुतला फूंककर अन्य जाट नेताओं के खिलाफ भी नारेबाजी की।
इससे पूर्व पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बैठक में इस बार होने वाले पंचायती, ब्लॉक समिति और जिला परिषद में जाट उम्मीदवारों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर फंडिंग करने का आरोप लगाकर कहा कि पूर्व सीएम अब जाटों को पैसा देकर आंदोलन भड़काना चाहते हैं।
भाजपा सरकार द्वारा जाट आरक्षण का समर्थन करने के विरोध में रविवार को पिछड़ा वर्ग के लोग नेहरू पार्क में एकत्रित हुए। यहां पर जाटों को ओबीसी में शामिल करने का विरोध किया गया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह पर साजिश रचने के आरोप भी लगाए।
रानी तालाब के पास पिछड़ा वर्ग के लोगों ने केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का पुतला फूंका और अन्य जाट नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।