जाट आरक्षण को लेकर भड़की हिंसा के बाद रोहतक में व्यापारियों के जख्मों पर मरहम लगाने पहुंचे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को व्यापारियों के जबरदस्त गुस्से का सामना करना पड़ा। मॉडल टाउन में मंगवलार को धरने पर बैठे व्यापारियों को सांत्वना देने गए पूर्व सीएम को व्यापारियों ने वापस लौटा दिया।
जब हुड्डा ने अपनी बात रखना चाही तो लोग उग्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। हुड्डा वापस लौटने लगे तब किसी ने उन पर जूता फेंक कर मारा, हालांकि उन्हें लगा नहीं। इसके बाद व्यापारियों की भीड़ उनके आवास तक पहुंच गई।
वहां करीब डेढ़ घंटे तक जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने नाराज लोगों को समझाने और रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने बैरिकेड्स तोड़कर पूर्व सीएम के घर में घुसने का प्रयास किया। एसपी ने हुड्डा को सुरक्षा का हवाला देकर रोहकत से बाहर जाने को कहा है, लेकिन उनका कहना है कि यदि डीसी लिखकर दें तो चले जाएंगे।
रोहतक में तबाही का जायजा लेने के लिए सोमवार को भी पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा दिल्ली से रोहतक के लिए निकले थे। लेकिन उन्हें बहादुरगढ़ के टिकरी बॉर्डर से लौटा दिया गया था।