हरियाणा में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा और उपद्रव से निपटने
में कोताही बरतने वाले अफसरों पर प्रदेश सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
वीरवार को इस मामले में पहली गाज रोहतक रेंज के आईजी रहे श्रीकांत जाघव और
इसी जिले में तैनात डीएसपी अमित दहिया और अमित भाटिया पर गिरी।
प्रदेश
सरकार ने तीनों को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही, विभिन्न एचसीएस
अफसरों का तबादला करते हुए सरकार ने कैथल में आरक्षण की वकालत करने वाली
एसडीएम मनदीप कौर का भी तबादला तो कर दिया, लेकिन उन्हें कोई अन्य पद न
सौंपते हुए प्रतीक्षा सूची में डाल दिया है।
प्रदेश सरकार ने अफसरों
पर कार्रवाई ऐसे समय में की है, जब एक दिन पहले ही सरकार ने अफसरों की
लापरवाही की जांच करने केलिए पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह को नियुक्त किया था।
वीरवार को सरकार के फैसलों से साफ हो गया है कि पूर्व डीजीपी की रिपोर्ट
मिलने के बाद भी प्रदेश सरकार कई और अफसरों पर गाज गिराएगी।