शहरवासियों पर दिवाली का रंग चढ़ने लगा है। बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजारों को निकल रहे हैं। इसलिए सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़नी शुरू जाती है।
बुधवार को दोपहर 12 बजे से शहर की सड़कों पर जाम लगना शुरू हो गया। दोपहर को तीन घंटे तक सेक्टर-22 के चौक से लेकर सेक्टर-27-28 के चौंक तक जाम लगा रहा।
सेक्टर-18 के चौक के एक तरफ वाहनों की लंबी कतार थी जबकि दूसरी तरफ सड़क पूरी तरह से खाली थी। ऐसा ही हाल सेक्टर 22-23 के लाइट प्वाइंट पर था।
यहां सेक्टर-22 से सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम को जाने वाली सड़क खाली थी जबकि सड़क के दूसरी ओर आधा किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लगी थी।
शाम पांच बजे के बाद शहर के सभी प्रमुख चौक पर फिर से जाम लग गया। सेक्टर-35 के किसान भवन चौक और सेक्टर 34 के चौक पर शाम को दो घंटे तक जाम लगा रहा।
सेक्टर-16 के बाजार से वाहन उठाए
ट्रैफिक पुलिस के जवान सुबह 11 बजे सेक्टर-16 की मार्केट में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को उठाने के लिए पहुंच गए।
पुलिस ने जब गाड़ियों को उठाने की घोषणा की तो सेक्टर-16 की मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। ट्रैफिक पुलिस ने दिवाली के चलते शहर में 200 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए हैं।
इन सड़कों पर नहीं लगा जाम
-पीजीआई से सेक्टर-9 मटका चौक को आनी वाली सड़क
-सेक्टर-15 चौक से सेक्टर-24 चौक तक की सड़क
-सेक्टर-25 से सेक्टर-40 के चौक तक की सड़क
-सेक्टर- आठ और नौ की अंदरूनी मार्केट वाली सड़कें