मोहाली में पहुंची विशाल जागृति यात्रा का भव्य स्वागत
अमर शहीद बाबा दीप सिंह जी द्वारा हस्त लिखित श्री गुरु ग्र्रंथ साहिब जी महाराज के स्वरूप के दर्शन कर शीश नवाने के लिए मोहाली में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। सिख पंथ की पुरातन बीड़ साहिब (श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का स्वरूप) के साथ-साथ गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के शस्त्र देख कर भी संगत अभिभूत हो गई।
यह मौका था साहिब-ए-कमाल गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 350 साला प्रकाशोत्सव को समर्पित विशाल जागृति यात्रा के मोहाली पहुंचने का। जैसे ही यह विशाल जागृति यात्रा गुरुद्वारा अंब साहिब मोहाली पहुंची, तो सारा वातावरण बोले सोनिहाल सत्श्री अकाल और 350 साल साहिब-ए-कमाल गुरु गोबिंद सिंह जी दे नाल से गूंज उठा।
मोहाली में भारी संख्या में संगत ने श्रद्धाभाव से पुरातन बीड़ साहिब के समक्ष शीश नवाते हुए पंज प्यारों का अभिनंदन किया। इस दौरान पंज प्यारों को सिरोपा भेंट कर उनका स्वागत किया। एसजीपीसी के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब में इस यात्रा के स्वागत के लिए बनाए गए कोआर्डिनेटर सरदार कृपाल सिंह चौहान ने बताया कि जागृति यात्रा शनिवार को मोहाली से चंडीगढ़ में पहुंची।
यह रहा यात्रा का रूट
श्री दमदमा साहिब साबो की तलवंडी बठिंडा, श्री मुक्तसर साहिब, फरीदकोट, कोट कपूरा, बरगाड़ी, बरनाला, मलेरकोटला, नाभा, पटियाला से होकर गुरुद्वारा श्री अंब साहिब मोहाली पहुंची है। उल्लेखनीय है कि यह विशाल जागृति यात्रा गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली श्री हरमंदिर जी पटना साहिब (बिहार) से खालसा पंथ के जन्म स्थान श्री केशगढ़ साहिब आंनदपुर साहिब पहुंचेगी।