मानसिक रूप से परेशान एक व्यक्ति ने वीरवार रात जीएमसीएच-32 के चौथी मंजिल से छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान मोहाली फेज 4 निवासी गुरप्रीत सिंह विर्क (45) के रूप में हुई है। सेक्टर-34 थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
वीरवार रात करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि जीएमसीएच-32 के चौथी मंजिल से किसी शख्स ने छलांग लगा दी है। सूचना पर सेक्टर-34 थाना प्रभारी बलदेव कुमार ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वीरवार को गुरप्रीत सिंह अपने घर से शाम साढ़े सात बजे बिना किसी को बताए निकला था।
रात करीब 8 बजे वह सीधा जीएमसीएच-32 पहुंच गया, जहां उसने चौथी मंजिल पर जाकर अचानक छलांग लगा दी। पुलिस ने पाया कि गुरप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, पुलिस को शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
सेक्टर-34 थाना पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि गुरप्रीत सिंह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। उनका इलाज चल रहा था। बताया गया कि गुरप्रीत सिंह आईटी प्रोफेशनल थे और उनकी एक बेटी है। हादसे के बाद परिवार सदमे में है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।