हिसार में रात से ही बरस रहे बदरा
हिसार जिले में शनिवार और रविवार की रात करीब दो बजे बारिश हुई हैं। बदलवाई होने के कारण मौसम में ठंडक हैं। रात तक मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। इससे पहले 31 जनवरी को 0.7 और एक फरवरी को 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
अंबाला में सोमवार को भी बारिश की संभावना
अंबाला में भी सुबह से हल्की बारिश हो रही है। बारिश के साथ हवाओं ने यहां भी ठंड बढ़ा दी है। अंबाला का रात का तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बारिश की संभावना है।
रेवाड़ी में हो रही बूंदाबांदी
रेवाड़ी में सुबह से ही बूंदाबांदी हो रही है। बूंदाबांदी होने की वजह से ठंड भी काफी बढ़ चुकी है। बूंदाबांदी की संभावना शनिवार दोपहर बाद ही बन चुकी थी। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार से मौसम की स्थिति रहने वाली है। मौसम परिवर्तनशील रहेगा।
बारिश के बीच बहादुरगढ़ में बढ़ा प्रदूषण
बहादुरगढ़ में सुबह से हल्की बूंदाबांदी हो रही है। आसमान को काले बादलों ने ढक लिया है। जिले में अधिकतम तापमान 20 डिग्री तो न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे रही। प्रदूषण भी शनिवार के मुकाबले बढ़ गया। शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 92 दर्ज किया गया। जबकि रविवार को यह 152 तक पहुंच गया।
झज्जर में अब तक 2.5 एमएम बरसात
झज्जर जिले में भी रात से रुक-रुककर बरसात जारी हैं। बरसात के चलते ठंड बनी है। कोहरा और प्रदूषण पूरी तरह से खत्म हो चुका है। पिछले 24 घंटे में 2.5 एमएम बारिश दर्ज की गई हैं। अधिकतम तापमान 20.1 और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
नारनौल में मौसम ने ली करवट
नारनौल में भी मौसम ने करवट ले ली है। रविवार सुबह से हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग पांच फरवरी तक बारिश होने की संभावना जता रहा है। बता दें कि नांगल चौधरी समेत अनेक कस्बों में जलस्तर काफी नीचे जा चुका है। जिसकी वजह से वहां के किसान नहरी पानी पर ही निर्भर हैं। लेकिन अभी भी कुछ गांवों में नहरी पानी नही पहुंच सका है। ऐसे में बरसात इन किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
इन जिलों में भी बरसात
हरियाणा के कैथल, कुरुक्षेत्र और पानीपत में रुक रुककर बूंदाबांदी हो रही है। बरसात के बाद आसमान में बादल छाए है। सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। उधर, पानीपत में तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।