किरण चौधरी ने कहा कि पीडब्ल्यूडी में कमीशनखोरी चरम पर है। ठेकेदारों और कमीशन खाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। जजपा विधायक अमरजीत ढांडा ने कहा कि उनके हलके ही अनेक सड़कें जर्जर हैं। पैदल चलने काबिल भी नहीं रही। महम से विधायक बलराज कुंडू ने भी अपने हलके की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया। रादौर से कांग्रेस विधायक बीएल सैनी ने कहा कि सड़कों की मरम्मत के नाम पर सिर्फ पैचवर्क हो रहा है। उनकी दशा नहीं सुधारी जा रही।
दुष्यंत ने इसराना से विधायक बलबीर सिंह के सवाल पर कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। गांव गवालड़ा से नारायना तक सड़क की मरम्मत पर करीब 157.62 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह सड़क समालखा के विधायक की प्राथमिकता सूची में भी है।
गांव गवालड़ा से नामुंडा तक सड़क की मरम्मत पर 70.79 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। रिफाइनरी क्रॉसिंग से गांव सिंगपुरा बोहली तक की सड़क की मरम्मत के लिए निविदा आमंत्रित की गई हैं और मार्च 2023 तक कार्य शुरू होने की संभावना है। उनको मिली रिपोर्ट के अनुसार गांव मांडी से पुठर, बुआना लाखु तक सड़क अच्छी हालत में है।