सवाल : आप लोगों की शादियां कराते हैं। शादी की सही उम्र क्या होती है?
जवाबः मेरी शादी काफी लेट हुई थी, लेकिन मुझे लगता है कि शादी 25 वर्ष के आसपास कर लेनी चाहिए। शादी अगर पहले हो जाए तो डिस्ट्रक्शन बहुत कम हो जाता है। जिंदगी में फोकस आ जाता है। व्यक्ति अनुशासन में रहता है जो बिजनेस या नौकरी में फायदेमंद होता है। मां-बाप की उम्र भी उस समय तक ज्यादा नहीं होती है तो वह बच्चे को संभाल लेते हैं। हालांकि यह बात भी सही है कि हर इंसान के ऊपर यह बात अलग अलग तरह से लागू होती है।
यह भी पढ़ें: Amritpal Singh: खतरनाक थे अमृतपाल के इरादे, पूर्व सैनिकों का किया ब्रेनवॉश, दिलवाता था हथियारों की ट्रेनिंग
सवालः हाल में जारी सर्वे के आंकड़े हैरान करने वाले हैं। शादी के बाद महिलाएं नौकरी क्यों छोड़ रही हैं?
जवाबः रिपोर्ट में सामने आया है कि 30 फीसदी महिलाएं शादी करने के बाद काम छोड़ देती हैं जबकि और 30 फीसदी महिलाएं पहला बच्चा होने के बाद काम छोड़ देती हैं या उन्हें छोड़ना पड़ता है। यह काफी गंभीर है। यह भी समझने वाली बात है कि अगर इतनी भारी संख्या में महिलाएं काम नहीं कर रही हैं और तब भी हम पूरी दुनिया के शीर्ष पांच इकोनॉमी में आते हैं तो अगर वह सभी काम करेंगे, तो भारत कहां पर होगा। हालांकि रिपोर्ट ये भी कहता है कि लगभग सभी लड़के कामकाजी लड़कियों की तलाश में हैं।
सवालः क्या हम उद्यमिता में लेट हो गए हैं?
जवाबः ये समझने के लिए हमें थोड़ा पीछे जाना होगा। हमें 1947 में आजादी मिली। 30-40 साल तो समाजवाद में निकल गया। देश में कैपिटलिज्म की शुरुआत ही करीब 30 साल पहले हुई है। इसलिए मुझे लगता है कि देरी नहीं हुई है। भारत में जो लोग रहते हैं, भारत सिर्फ वही नहीं है, बाहर रहने वाले करोड़ों लोग हर साल आठ बिलियन डॉलर भारत भेजते हैं। इतनी तो बहुत से देशों की इकॉनॉमी भी नहीं होती है।
सवालः क्या अब समय आ गया है कि उद्यमिता को स्कूली शिक्षा में शामिल किया जाना चाहिए?
जवाबः हमारी शिक्षा व्यवस्था अच्छी है। हालांकि मुझे लगता है कि शिक्षा में क्रिएटिव थिंकिंग पर ज्यादा जोर देना चाहिए। वह स्कूल से शुरू होना चाहिए। इस विषय पर मैं निजी तौर पर कुछ काम कर रहा हूं। इसका जल्द खुलासा करूंगा।
सवालः कोई बिजनेस शुरू करने का सही समय कौन सा होता है?
जवाबः टेक्नोलॉजी ने सारे सिद्धांत बदल दिए हैं। हर रोज नए लोग बिजनेस में आ रहे हैं और उनमें से कई अपना बिजनेस खड़ा कर रहे हैं। डाउन मार्केट में जो कंपनियां बनती हैं, वह कभी अप-मार्केट में नहीं बनती। आप जितनी मर्जी कंपनियों के उदाहरण लीजिए, वह सभी मंदी के दौर में खड़ी हुई हैं। बुल मार्केट की वजह से बहुत सारी कंपनियों का वैल्यूएशन बहुत ज्यादा हो गया है, उन्हें अब जमीन पर आना होगा। मैं बहुत आशावादी हूं कि हमारे देश का जो भविष्य है वह उद्यमशीलता के जरिए ही सबसे बड़ा बनने वाला है।
सवालः गांव के बच्चों तक उद्यमिता का संदेश कब और कैसे पहुंचेगा?
जवाबः शार्क टैंक के जरिए गांव-गांव के बच्चों को प्रेरणा मिली है। आपने देखा होगा कि गांव से कई युवा शो में भी आए हैं। ये संभव नहीं है कि मैं एक-एक गांव में जाउं। इसलिए मैंने एक ड्रीम डील पहल शुरू की है। पूरे देश में बैठा कोई कहीं भी 30 सेकंड की एक वीडियो में यह बताए कि उसके पास क्या आइडिया है और वह पैसे का क्या करेगा। वीडियो को हमारे इंस्टाग्राम पर भेजे तो आइडिया में दम हो तो हम उसे ग्रांट देते हैं। हमने अभी पांच कंपनियों को ग्रांट दी है। उनमें से एक कंपनी शार्क टैंक तक भी पहुंची है।