गांव बाबा लदाना में पंचायत करते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कालू के समर्थन में हुई पंचायत, CBI जांच की मांग, एक मार्च को महापंचायत का एलान
भिवानी में दोहरे हत्याकांड में कैथल के गांव बाबा लदाना निवासी आरोपी कालू का नाम आने पर शनिवार शाम को गांव में पंचायत हुई। इसमें गोरक्षा और बजरंग दल के सदस्यों ने भाग लिया। साथ ही पूरे घटनाक्रम की सीबीआई से जांच की मांग को लेकर आगामी एक मार्च को महापंचायत बुलाने का फैसला लिया गया। पुलिस को भी चेतावनी दी गई कि बिना पंचायत की अनुमति के गांव में किसी भी घर की तलाशी न ली जाए। महापंचायत की तैयारियों के लिए 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया।
गांव बाबा लदाना के बाबा बालनाथ मंदिर में शनिवार शाम को आयोजित पंचायत में काफी संख्या में लोग पहुंचे। पंचायत की अध्यक्षता गांव के सरपंच गुरनाम सिंह ने की। पंचायत में गांव के व्यक्तियों ने कहा कि कालू का नाम दोहरे हत्याकांड के मामले में आया है।
इस संबंध में कभी राजस्थान पुलिस तो कभी स्थानीय पुलिस कालू के परिवार को बार-बार तंग कर रही है। इस पर गांव के लोगों ने विचार रखे। कुछ लोगों ने गांव में पुलिस के घुसने पर रोक लगाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस सीधा घर में घुसकर बहू-बेटियों को प्रताड़ित नहीं कर सकती। लंबे विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया कि एक मार्च को गांव में ही महापंचायत आयोजित की जाएगी।
सरपंच ने कहा कि बिना किसी सबूत के वे पुलिस को कार्रवाई नहीं करने देंगे। मामले में सीबीआई जांच की मांग की जाएगी। यदि कालू दोषी होगा तो उसका समर्थन नहीं किया जाएगा। यदि वह निर्दोष होगा तो परिवार को प्रताड़ित नहीं होने दिया जाएगा। बजरंग दल के कार्यकर्ता अभिषेक गोयल ने कहा कि राजस्थान पुलिस का अमानवीय चेहरा लगातार सामने आ रहा है।
मौके पर जली बोलेरो गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला