अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च होंगे। आयुष मंत्रालय ही यह पूरा खर्च वहन करेगा। मंत्रालय के सचिव अजीत एम सरन ने मंगलवार को यूटी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ मीटिंग के बाद यह बात स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि पिछले कार्यक्रम पर लगभग इतना ही खर्च हुआ था।
ऐसे में इस बार इससे कुछ ज्यादा ही खर्च होने का अनुमान है। यूटी प्रशासन पहले ही मंत्रालय को बजट वहन करने के लिए चिट्ठी लिख चुका है। प्रशासन साफ कर चुका है कि उसके पास इतना बड़ा कार्यक्रम करने के लिए पर्याप्त बजट नहीं है।
मीटिंग में यूटी एडवाइजर परिमल राय, गृह सचिव अनुराग अग्रवाल, वित्त सचिव सर्वजीत सिंह के साथ हरियाणा के मुख्य सचिव डीएस ढेसी, डीसी अजीत बालाजी जोशी, ज्वाइंट सेक्रेटरी आयुष अनिल गानेरिवाल सहित पंजाब और यूटी के अन्य अधिकारी शामिल रहे। आयुष मंत्रालय के अधिकारियों ने दिल्ली में पिछले साल हुए पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह और उसे सफल बनाने की तैयारियों पर प्रेजेंटेशन दी।
प्रस्तावित आयोजन स्थलों का किया दौरा
मीटिंग के बाद आयुष मंत्रालय की टीम ने यूटी अधिकारियों के साथ प्रस्तावित आयोजन स्थल कैपिटल कांप्लेक्स, बोटेनिकल गार्डन और सेक्टर-34 के प्रदर्शनी ग्राउंड का दौरा किया। सुरक्षा और स्पेस दोनों नजरियों से अधिकारियों से तीनों स्थलों को देखा। हालांकि अभी तीनों में से किसी भी स्थल को फाइनल नहीं किया है। लेकिन कैपिटल कांप्लेक्स और बोटेनिकल गार्डन में आयोजन के कयास हैं।
21 मई से योग प्रोटोकॉल ट्रेनिंग
21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की एक महीने की योग प्रोटोकॉल ट्रेनिंग 21 मई से ही शुरू हो जाएगी। सभी स्कूलों और कॉलेजों में यह ट्रेनिंग होगी। इसके लिए कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जाएंगे। स्कूल और कॉलेज से करीब 8 हजार वॉलंटियर्स को एकजुट करने की तैयारी है। इसके अलावा समाज के हर वर्ग से लोगों को कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। प्रशासन योग दिवस को शहर में एक अभियान बनाएगा।
प्रधानमंत्री योगाभ्यास के बाद देंगे संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ में योगाभ्यास के बाद जनसमूह और मीडिया के माध्यम से देश को संबोधित करेंगे। आयोजन स्थल पर जगह-जगह बड़ी एलसीडी लगाई जाएंगी। ताकि लोग आसानी से प्रधानमंत्री को सुन और देख सकें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योग गुरु रामदेव के भी चंडीगढ़ में पहुंचने के कयास लग रहे हैं।
अजीत एम शरन, सचिव, आयुष मंत्रालय, भारत सरकार ने बताया कि यह कार्यक्रम की तैयारियों पर पहली मीटिंग थी। अभी कई मीटिंग्स और होनी हैं। स्थानीय प्रशासन को पिछले आयोजन की तैयारियों पर बनी प्रेजेंटेशन दिखाई गई है। सभी प्रस्तावित स्थलों का दौरा किया। लेकिन अभी स्थान फाइनल नहीं हुआ है। कोशिश रहेगी कि चंडीगढ़ में दिल्ली से बड़ा कार्यक्रम हो। कार्यक्रम में विदेशी मेहमान भी जुटेंगे।