इंटरनेशनल एयरपोर्ट से प्री पेड टैक्सियों में ट्राइसिटी में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब उनको प्री पेड टैक्सी से ट्राइसिटी में कहीं भी जाने के लिए 400 रुपये किराया देना होगा। इसके लिए इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम ने दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा किया है। वहां की तर्ज पर चंडीगढ़ में नई व्यवस्था दिसंबर में शुरू की जाएगी।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हर दिन पांच हजार यात्री सफर करते हैं। इसमें से करीब दो हजार यात्री टैक्सी लेते हैं। लेकिन प्राइवेट टैक्सी चालक मनमानी करते हुए ट्राईसिटी के लिए किराया 750 रुपये वसूलते हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए एक टीम का गठन किया। टीम में पंजाब पुलिस के सिपाही, एसएचओ, एयरपोर्ट अथॉरिटी केसदस्य शामिल थे जिन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट पर एसी टैक्सी प्री पेड बूथ का दौरा किया। दिल्ली में टैक्सी प्री पेड बूथ पर दिल्ली में सभी जगह जाने के लिए रेट निर्धारित किए गए हैं। इससे यात्रियों के साथ टैक्सी चालक मनमानी नहीं कर पाते हैं। यह बूथ दिल्ली पुलिस चलाती है। इससे कंप्यूटीकृत पर्ची कटती है जिससे कि लोगों के साथ किराए का झोल नहीं होता है।
इसी की तर्ज पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एसी टैक्सी प्री पेड बूथ बनाया जाएगा। यहां से टैक्सी बिना पर्ची कटाए नहीं जाएगी। यह बूथ दिसंबर में शुरू हो सकता है। एसएचओ एचएस बल ने बताया कि प्रीपेड बूथ मोहाली पुलिस चलाएगी। अभी ट्राईसिटी में कहीं भी जाने का किराया 400 रुपये निर्धारित किया गया है।
एयरपोर्ट की यह सुविधा जल्द ही दुरुस्त होगी। दिसंबर से प्री पेड टैक्सी का किराया 400 रुपये होगा।
सुनील दत्त, सीईओ, इंटरनेशनल एयरपोर्ट