15 सितंबर से इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू हो रही है, लेकिन ये संभव कैसे होगा? इसके लिए जो चाहिए, वो एयरपोर्ट पर है ही नहीं। दरअसल, एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के अनुरूप यहां पर विमान खड़ा करने के स्लॉट नहीं है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मानक केअुनसार एयरपोर्ट पर 20 विमानों को खड़ा करने का स्लाट चाहिए लेकिन मोहाली हवाई अड्डे पर केवल सात स्लॉट हैं।
यहां पर पांच स्लाट विमान खड़ा करने के लिए, बाकी दो स्लॉट विमान खराब होने पर इमरजेंसी में उपयोग के लिए बनाए गए हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट से स्पाइस जेट, जेट एयरवेज, विस्तारा, गो एयर, इंडिगो, एयर इंडिया, एयर एशिया विमानन कंपनियां फ्लाइट का संचालन करती हैं। इन विमानन कंपनियों को रात में विमान खड़ा करने के लिए स्लाट नहीं दिया गया है।
इस कारण इनकी फ्लाइट दिल्ली और मुंबई से आती है और वापस चली जाती है। नाम नहीं छापने की शर्त पर एक विमानन कंपनी के अधिकारी ने बताया कि कोलकाता की फ्लाइट शुरू करने के लिए स्लाट मांगा था, लेकिन नहीं दिया गया। इस कारण चंडीगढ़ से सुबह के लिए डायरेक्टर फ्लाइट शुरू करने में दिक्कत आ रही है।
सात कंपनियां 22 फ्लाइट का करती हैं संचालन
चंडीगढ़ से सात विमानन कंपनियां 22 फ्लाइट का संचालन करती हैं। लेकिन किसी को यहां पर अभी तक विमान खड़ा करने के लिए स्लॉट नहीं दिया गया है। इस कारण डायरेक्ट फ्लाइट कोलकाता, पुणे, के लिए नहीं शुरू हो पाई है। अब दो इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू होने के बाद एयरपोर्ट और बिजी हो जाएगा। इस तरह के हालत में स्लॉट नहीं मिलने पर विमानन कंपनियों को परेशानी होगी।
एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल लेवल की सुविधाएं पूरी की जा रही हैं। स्लॉट सहित अन्य जो भी कमियां हैं उन्हें जल्द ही दूर किया जाएगा।
- सुनील दत्त, सीईओ, इंटरनेशनल एयरपोर्ट