पाकिस्तान गए बलजिंदर सिंह बन गए सरपंच
पंजाब शिक्षा बोर्ड के सेवानिवृत्त अधिकारी सुपरिंटेंडेंट बलजिंदर सिंह पाकिस्तान के गुरुधामों में दर्शन करने गए थे। वे पंजाब के जिला फतेहगढ़ साहिब के गांव खानपुर में सरपंच का चुनाव जीत गए। वह अपने परिवार के साथ 4 अक्तूबर से पाकिस्तान के गुरुधामों की यात्रा पर निकले थे।
उन्होंने गांव खानपुर जिला फतेहगढ़ साहिब के सरपंच पद के लिए अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार सतनाम सिंह को 139 वोटों के अंतर से हराकर चुनाव जीत लिया। वे शिक्षा बोर्ड में गुरमति विचार सभा के अध्यक्ष और सेक्टर 66 मोहाली में गुरुद्वारा साहिब के अध्यक्ष भी रहे हैं। गांव खानपुर के ग्रामीणों के बहुमत से निर्णय लिया था कि बलजिंदर सिंह को सरपंच का चुनाव लड़ना चाहिए लेकिन उनकी पत्नी और बड़े भाई जोशा सिंह का पहले से ही पाकिस्तान में गुरुधामों का दौरा करने का कार्यक्रम था।
ग्रामीणों ने उनसे अपना कार्यक्रम रद्द करने और गांव की सरपंच का चुनाव लड़ने का अनुरोध किया, लेकिन बलजिंदर सिंह ने इनकार कर दिया। गांव वालों ने फैसला किया कि बलजिंदर सिंह को सरपंच के चुनाव के लिए नामांकन भरना चाहिए और अपने नियमित कार्यक्रम के मुताबिक पाकिस्तान जाना चाहिए। उनके चुनाव प्रचार की मुहिम गांव के युवा और बुजुर्ग संभाल लेंगे। पूरे चुनाव प्रचार के दौरान बलजिंदर सिंह प्रचार से दूर ही रहे। सरपंच बलजिंदर सिंह ने प्रेस को बयान जारी करते हुए गांववासियों और भगवान का धन्यवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि वे बिना किसी पक्षपात या पार्टी संबद्धता के गांव के कल्याण और विकास के लिए प्रयास करेंगे।