ट्राइसिटी के लोगों को आज से अमृतसर के लिए एक और ट्रेन मिल गई। चंडीगढ़ के प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल शिवराज पाटिल और पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री और सांसद पवन कुमार बंसल ने सुबह चंडीगढ़-अमृतसर इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना किया।
पहले दिन ट्रेन सात मिनट देरी से चंडीगढ़ से रवाना हुई। ट्रेन में सभी कोच नए लगे हैं और इसका लुक शताब्दी एक्सप्रेस जैसा है। ट्रेन में एसी का एक कोच है जो अंदर से भी शताब्दी की तरह ही है।
इस मौके पर चंडीगढ़ के मेयर सुभाष चावला, आनंदपुर साहिब के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, पंजाब के विधायक और पूर्व मंत्री जगमोहन सिंह कांग, अंबाला मंडल के डीआरएम सहित कई अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान बंसल और पाटिल को शॉल भेंटकर सम्मानित भी किया गया।