संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के इंचार्ज तथा संयुक्त निदेशक कृषि (इनपुट्स) डॉ. गुरनाम सिंह ने मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय, लुधियाना में जिले के कृषि अधिकारियों के साथ विशेष समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. गुरदीप सिंह सहित सभी ब्लॉक कृषि अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी और कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डॉ. गुरनाम सिंह ने सॉयल हेल्थ कार्ड की प्रगति, कृषि इनपुट्स की गुणवत्ता, सब्सिडी वाली मशीनरी की लंबित ई-पी-वी, जिप्सम की पोर्टल पर वेरिफिकेशन, कृषि मैपर एप पर फसल डाटा अपडेट और माइनर इरिगेशन सर्वेक्षण से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने फील्ड स्टाफ को सभी कार्य तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
संयुक्त निदेशक ने स्पष्ट किया कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ किसानों तक ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. गुरदीप सिंह ने आश्वासन दिया कि विभाग द्वारा सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा, ताकि कृषि इनपुट्स का संतुलित उपयोग सुनिश्चित हो और किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।