हर कहानी से पहले चंद पंक्तियां होती हैं कि इस कहानी की घटनाएं और पात्र काल्पनिक हैं...लेकिन इस कहानी से पहले यह पंक्तियां लिखने की जरूरत कतई नहीं है। यह कहानी एक ऐसे शख्स की है, जो अब शख्सियत बन चुका है।
राहुल नरवेकर, जो कभी वार्ड ब्वाय थे और हालात ने उन्हें डोर-टु-डोर सेल्समैन तक का काम करवाया, लेकिन आज राहुल फैशन एंड यू डॉट कॉम, इंडियन रूट्स डॉट कॉम के सीईओ हैं। उनका ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल इंडियन रूट्स डॉट कॉम छह मिलियन लोगों की पसंद बन चुका है।
यह वही पोर्टल है, जिसका वेलुएशन सिर्फ 18 महीने में 18 करोड़ से 740 करोड़ रुपये का हो गया है। जिंदगी में काफी संघर्ष देख चुके राहुल के पांव हमेशा जमीन पर रहे और लगातार मेहनत करते हुए उन्होंने आसमान छू लिया।
पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में स्टार्टअप जलसा में युवा उद्यमियों की तलाश में पहुंचे राहुल ने बताया कि उनका संघर्ष बचपन से ही शुरू हो गया था। पिता की फैक्ट्री में ताला लगा तो वार्ड ब्वाय की नौकरी करनी पड़ी, फिर एक दुकान में डिलीवरी ब्वाय का काम मिला। जिंदगी में बदलाव आया रॉनी स्क्रूवाला के दफ्तर में काम करने के बाद।