चंडीगढ़। ओएलएक्स पोर्टल से धोखाधड़ी कम होने का नाम नहीं ले रही। ताजा मामले में शहर की एक महिला ने चंडीगढ़ के ही एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि गाड़ी बेचने के बाद दिया गया चेक बाउंस हो गया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-3 थाना पुलिस के अंतर्गत रहने वाली एक महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि सेक्टर-32 में रहने वाले तुषार शर्मा ने ओएलएक्स के माध्यम से इनोवा गाड़ी खरीदने के लिए उनसे संपर्क किया। एचआर नंबर की गाड़ी को खरीदने के लिए 4 लाख 17 हजार रुपये में सहमति बनी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने उनसे कार ले ली और बदले में 4,17,000 रुपये का चेक दिया। जब उस चेक को बैंक में कैश कराने के लिए लगाया गया तो वह बाउंस हो गया। महिला ने सेक्टर-3 पुलिस थाने में आईपीसी-406, 420 के तहत केस दर्ज कराया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
घर खरीदने के नाम पर 60 लाख की ठगी
एक अन्य मामले में घर खरीदने के नाम पर 60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सेक्टर-49 के गोल्डन एनक्लेव में रहने वाले जगदीश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि सेक्टर-20 में रहने वाले हरीश कुमार और मनीष कुमार ने उनके साथ 60 लाख रुपये की ठगी की है। यह ठगी एक मकान को खरीदने के नाम पर हुई है। इस मामले में सेक्टर-19 पुलिस थाना ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी-420 और 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है।