इंडियन नेशनल लोकदल के कार्यकर्ता केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए कृषि अध्यादेशों के खिलाफ 28 सितंबर को सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे। इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता कृष्ण कुटेल ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता 28 सितंबर को जिला मुख्यालय पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन कर जिला उपायुक्त को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इनेलो यह प्रदर्शन प्रदेशभर में कृषि विधेयकों के खिलाफ जिला स्तर पर कर रही है।
विधेयकों के खिलाफ शनिवार को इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला की अध्यक्षता में कुरुक्षेत्र लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि तीनों अध्यादेश किसानों को बर्बाद करने वाले हैं, इसलिए किसी भी सूरत में सरकार को यह वापस लेने ही होंगे।
किसानों के लिए फायदेमंद: सांसद सैनी
कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सिंह सैनी ने कृषि विधेयकों को किसानों के लिए फायदेमंद बताया। उन्होंने कहा कि इन बिलों के पास होने से किसानों को स्वतंत्रता मिली है। अब किसान अपनी फसलों को मंडी, खेत और देश के किसी भी कोने में लाभकारी मूल्य पर बेच सकेंगे। विधेयकों के पारित होने से न मंडियां खत्म होंगी और न ही एमएसपी।