इनेलो के वरिष्ठ नेता और विधायक अभय चौटाला ने आरोप लगाया है कि हरियाणा सरकार अपने चहेतों को एचसीएस अफसर बनाने जा रही है। इनमें सभी नियम, मेरिट, वरिष्ठता और योग्यता का पैमाना तोड़ा जा रहा है।
चौटाला ने सोमवार को यहां जारी बयान में कहा कि हुड्डा सरकार को पता है कि वह दोबारा सत्ता में नहीं लौटने वाली है, इसलिए हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) समेत अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियम तोड़कर चहेतों को भर्ती करने की प्रक्रिया अपना रही है।
उन्होंने कहा कि एचसीएस के लिए जिन्हें भर्ती करने का प्रयास किया जा रहा है, उनमें तृतीय श्रेणी के कर्मचारी हैं जबकि उनसे बेहतर शैक्षणिक और सर्विस रिकार्ड वालों को नजर अंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने कुछ लोगों के नाम भी गिनवाए हैं। चौटाला ने आरोप लगाया कि पहले भी हरियाणा सरकार ने एचसीएस भर्ती में सारे नियम तोड़कर सरकार में बैठे प्रभावशाली अधिकारियों एवं राजनेताओं के पारिवारिक सदस्यों को भर्ती किया था।