पापा! टोक्यो ओलंपिक में पदक न जीतने की जो कसक थी, आज हमने उसे बर्मिंघम में दूर कर दिया। हम आगे भी खूब मेहनत करेंगे और देश का मान बढ़ाएंगे। रविवार को राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य मोनिका ने जब यह बात पिता तकदीर सिंह से वीडियो कॉल पर कही तो वह भावुक हो उठे।
राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार का दिन चंडीगढ़ के खिलाड़ियों के लिए बेहद खास रहा। शहर की बेटियों ने पहले हॉकी में कांस्य पदक, फिर मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक हासिल किया। भारतीय महिला टीम ने जैसे ही कांस्य पदक जीता, सेक्टर-44 स्थित टीम की सदस्य मोनिका का परिवार खुशी से उछल पड़ा। परिवार के सभी लोगों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराया और बधाई दी। मोनिका के पिता तकदीर सिंह चंडीगढ़ पुलिस में हैं। उन्होंने मोनिका से वीडियो कॉल पर बात की। बेटी ने जैसे ही पदक दिखाया, वह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बेटी ने मेरा ही नहीं देश का नाम दुनिया में रोशन कर दिया। बेटी जब वतन लौटेगी तो उसका जोरदार स्वागत करेंगे। उसे लेने परिवार के लोग एयरपोर्ट जाएंगे और जब वह घर आएगी तो उसकी पसंद के पकवान बनाएंगे।
मोनिका ने सेक्टर-18 स्थित हॉकी अकादमी से अपने करियर की शुरुआत की थी। मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाली गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर वुमन सेक्टर-26 की पूर्व छात्रा नीतू हरियाणा के भिवानी की रहने वाली हैं। पदक आते ही उनके घर भी मिठाई बंटनी शुरू हो गई। नीतू के स्वर्ण पदक जीतने पर चंडीगढ़ अमेच्योर मुक्केबाजी एसोसिएशन ने उन्हें बधाई दी। शहर की मुक्केबाजों में भी नीतू की जीत से खुशी की लहर दौड़ पड़ी। गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर वुमन सेक्टर-26 के स्पोर्ट्स टीचर अमोलक सिंह भुल्लर ने बताया कि नीतू ने स्नातक की पढ़ाई उनके कॉलेज से ही पूरी की है। वह वर्ष 2017 से 2020 तक कॉलेज की छात्रा रही। इसी दौरान इंटर कॉलेज और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी के अलावा कई इंटरनेशनल मेडल भी जीते।
नीतू की उपलब्धियां
- 2017 गुवाहाटी में आयोजित वुमंस वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता
- बुल्गारिया में आयोजित थर्ड इंटरनेशनल वुमंस यूथ बाक्सिंग चैंपियनशिप गोल्ड मेडल जीता। बेस्ट बॉक्सर भी रहीं।
- 2018 में थाईलैंड में आयोजित एएसबीसी एशियन यूथ मेन एंड वुमंस चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीता।
- 2018 रोहतक में आयोजित सेकेंड यूथ मेन एंड वुमंस नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता।
- 2018 सर्बिया में आयोजित यूथ वुमंस इंटरनेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता।
- 2018 महाराष्ट्र में आयोजित खेलो इंडिया में गोल्ड मेडल जीता