दोहा में वर्क परमिट पर गए भारतीय युवक का शव मिला
दुबई की जेल में सजायाफ्ता युवक की मौत के बाद एक और भारतीय युवक का शव दोहा में मिला है, वह वर्क परमिट पर वहां गया था। पंजाब के होशियारपुर जिले के तलवाड़ा के कंडी इलाके के गांव वेडिंग का रहने वाला 28 वर्षीय राकेश कुमार उर्फ बंटी दोहा-कतर में मृत पाया गया। परिवार को राकेश के सहकर्मियों से उसकी मौत की खबर फोन पर मिली।
परिवार को कुछ दस्तावेज भेजने के लिए कहा गया था ताकि उसकी पार्थिव देह वापस भेजी जा सके। दस्तावेज को पूरा करने के 5 दिन के बाद भी परिवार शव की प्रतीक्षा कर रहा है। राकेश के चचेरे भाई ने बताया कि अब कंपनी के अधिकारी और भारतीय दूतावास भी जवाब नहीं दे रहे।
राकेश कुमार उर्फ बंटी के पिता 72 वर्षीय सेवानिवृत्त सेना कर्मी अरुण कुमार ने बताया कि राकेश उनके 7 बच्चों में से सबसे छोटा था। वह दो साल के लिए कतर में था और उसका वीजा कम वर्क परमिट जुलाई में पूरा होना था।
28 फरवरी को उसकी शादी ज्योतिका से हुई थी। शादी के लिए वह आपातकालीन छुट्टी पर घर आया था और 12 अप्रैल को राकेश कुमार दोहा-कतर के सीएटी इंटरनेशनल के साथ अपनी नौकरी दोबारा शुरू करने के लिए चला गया था।