जम्मू के राजौरी सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा सोमवार सुबह करीब साढे़ पांच बजे की गई गोलीबारी में मोगा के गांव जनेर निवासी जवान कर्मजीत सिंह शहीद हो गए। परिवार को सुबह करीब 11 बजे इस बारे में सूचना मिली तो परिवार समेत पूरे गांव में मातम छा गया। वहीं हलका धर्मकोट के एसडीएम नरिंदर सिंह परिवार के साथ दुख व्यक्त करने पहुंचे तो परिजनों ने गुहार लगाई कि और कितने जवानों का शहीद होना बाकी है।
भारत सरकार को पाकिस्तान सरकार के साथ बैठकर बातचीत के जरिए समाधान निकालना होगा। शहीद जवान कर्मजीत सिंह के पिता अवतार सिंह और फूफा रूपिंदर सिंह ने बताया कि वह दोनों भारतीय सेना से सेवामुक्त हो चुके हैं। हमेशा से ही उनके जहन में देश पहले और परिवार बाद में रहा है। बेटे कर्मजीत की शहादत पर उन्हें मान है लेकिन दोनों देशों को शांतिमय ढंग से बातचीत के जरिए इसका समाधान करना ही बेहतर होगा।