पड़ोसी देश पाकिस्तान से तनावग्रस्त हालातों के मद्देनजर इंडियन एयरफोर्स अब अपनी ऐतिहासिक ‘तारीखों’ के बहाने भी ‘ताकत’ का अहसास दुश्मन को कराने में जुट गई है। यह वे तारीखें है, जिस दिन भारतीय वायुसेना के शूरवीरों ने पाकिस्तान को न केवल धूल चटाई, बल्कि उनके विमानों को नेस्तानाबूत भी किया। इन ऐतिहासिक घटनाओं को इंडियन एयरफोर्स ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किया है, ताकि देशवासी इन किस्सों पर गर्व कर सकें और दुश्मन इतिहास को जानकर खबरदार रहे।
पाक-चीन भी नहीं पकड़ पाए हमारी हवाई जासूसी
सन 1962 में भारत-चीन का युद्ध हो या फिर फिर सन 1965 में भारत-पाक युद्ध इंडियन एयरफोर्स की हवाई जासूसी दोनों देश आज तक पकड़ ही नहीं पाए। अब इस ऑपरेशन का खुलासा भारतीय वायुसेना ने किया है। किसी को कानोंकान खबर नहीं थी कि इंडियन एयरफोर्स का कैनबेरा जहाज, अकसर दिनदहाड़े बहुत नीची उड़ान भरता हुआ दूर तक पाकिस्तान में जाकर उनके फौजी ठिकानों व गतिविधियों की फोटो लेकर रेकी करके आता था।