सर्दी और धुंध के कारण अटारी बॉर्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी का समय बदल गया है। अब रोजाना रिट्रीट सेरेमनी चार बजकर तीस मिनट पर शुरू होगी। यह समय भारत-पाकिस्तान दोनों की रजामंदी के बाद बदला गया है। दोनों देशों के बीच एक धुन पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी की समय सारिणी तब्दील होने की सूची दोनों मुलकों ने बैठक के बाद तय की है।
समय बदलने के साथ ही रिट्रीट सेरेमनी की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अब रिट्रीट सेरेमनी देखने के लिए आने वालों की चार चरणों में चेकिंग की जाएगी। अटारी बॉर्डर के मुख्य गेट पर पंजाब पुलिस की सुरक्षा और मुख्य गेट के अंदर बार्डर सिक्योरिटी फोर्स की सुरक्षा होगी। रिट्रीट सेरेमनी स्थल पर किसी प्रकार के बैग, थैला या सामान ले जाने पर पूर्ण तौर पर पाबंदी लगा दी गई है। पानी की बोतलें भी रिट्रीट सेरेमनी स्थल तक ले जाने की इजाजत नहीं होगी।
अटारी बार्डर जीरो लाइन से 100 गज पहले ही पर्यटकों को रोक दिया जाएगा। रिट्रीट सेरेमनी देखने आने वाले वीवीआईपी लोगों के लिए भी सुरक्षा कवच बनाया गया है। बार्डर जाने के लिए अटारी बाजार में नाकाबंदी पुलिस की होगी जबकि अगले तीन चरणों में पंजाब पुलिस व सीमा सुरक्षा बल की तैनाती होगी। रिट्रीट सेरेमनी स्थल तक जाने वाले वाहनों को पार्किंग में ही रोक दिया जाएगा। धुंध और सर्दी की वजह से वाहनों की तलाशी भी दो चरणों में मैनुअल और हाईटेक तकनीक के साथ की जाएगी।