फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आयकर छापा: कुलदीप बिश्नोई के ठिकानों पर 38 घंटे से 16 लोगों की टीम खंगाल रही रिकॉर्ड

Wed, 24 Jul 2019 11:26 PM IST
खुशबू गोयल जीतेंद्र जीत/अमर उजाला, हिसार(हरियाणा)
विज्ञापन
कुलदीप बिश्नोई का घर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे व आदमपुर से कांग्रेसी विधायक कुलदीप बिश्नोई के आवास व प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई बुधवार को दूसरे दिन भी देर रात तक जारी रही।

विज्ञापन


बताया जा रहा है कि आदमपुर और ऑटो एजेंसी पर कार्रवाई मंगलवार देर रात पूरी हो चुकी है लेकिन आवास पर आयकर विभाग के करीब 16 अधिकारियों की टीम रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है। हालांकि 38 घंटे से अधिक की जांच के बाद भी आयकर विभाग की तरफ से किसी तरह की गड़बड़ी मिलने की बात नहीं कही गई है।

बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की पड़ताल गुरुवार को भी जारी रह सकती है। उधर, बुधवार को विधायक कुलदीप समर्थक उस समय बिफर गए जब आयकर विभाग के कर्मचारी बार बार बाहर से सामान अंदर ले जाने लगे। समर्थकों ने आरोप लगाया कि अधिकारी बार-बार बाहर से सामान मंगवा रहे हैं, जो बैग या थैलों में ले जाया जा रहा है। 

विज्ञापन

ऐसे में कुछ भी सामान बाहर से ले जाकर बाद में कहा जाएगा कि यह बरामद हुआ है। कार्यकर्ताओं ने बाहर से ले जाए जाने वाले बैग-थैले चेक कराने की मांग की। बैग ले जा रहे विभागीय टीम के सदस्यों ने इससे इनकार किया तो कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। तल्खी बढ़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी बीच-बचाव के लिए आए लेकिन कार्यकर्ता मांग पर अड़े रहे। 

पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बैग-थैले चेक कराने से इनकार करते हुए कहा कि यह आयकर विभाग का काम है। इसी बात पर कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। पुलिस की बात सुनने से भी इनकार किया और बैग लेकर अंदर जा रहे लोगों को जबरदस्ती रोक लिया।

 करीब 20 मिनट तक हंगामा चलता रहा। फिर इसकी जानकारी अंदर दी गई। आयकर अधिकारियों की ओर से बैग चेक कराने की परमिशन मिलने के बाद कार्यकर्ताओं को बैग चेक कराया गया, जिसमें मोबाइल चार्जर सहित कई अन्य डिवाइस के चार्जर थे। इसके बाद कार्यकर्ता शांत हुए।
विज्ञापन

अभी जारी रह सकती है छापामार कार्रवाई

विधायक कुलदीप विश्नोई के आवास पर आयकर विभाग की छापामार कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रह सकती है। आयकर विभाग की टीम ने मंगलवार सुबह करीब सात बजे कार्रवाई शुरू की थी।

फिलहाल आयकर विभाग के अधिकारी कुछ भी बताने से बच रहे हैं। हालांकि अधिकारी बाहर नहीं आ रहे हैं लेकिन गाड़ी ड्राइवरों या टीम स्टाफ के सदस्य यदा-कदा सामान आदि लेने के लिए बाहर आ जाते हैं। जब भी उनसे कुछ पूछा जाता है तो वे कुछ भी बताने से बच रहे हैं। 

बेरिकेड्स लगा गली को रोका
सेक्टर-15 स्थित कुलदीप के आवास की गली को पुलिस ने दोनों ओर से बेरिकेड्स लगाकर रोक दिया है। इस गली से किसी को भी आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। हालांकि गली में रहने वाले लोगों को पूछताछ के बाद एक ओर से आने-जाने दिया जा रहा है।

आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। कांग्रेस कार्यकर्ता भी कोठी के बाहर जमा हैं, लेकिन वे सामने बने पार्क में मौजूद हैं। पुलिस उन्हें कोठी के गेट के सामने खड़ा नहीं होने दे रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें