क्रिकेटर युवराज सिंह की मां के पंचकूला स्थित कोठी में हुए दर्दनाक हादसे में 8 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एमडीसी पावर हाउस के पीछे स्थित कोठी नंबर 18-सी में आठ वर्षीय कुलदीप अपने मामा के साथ पानी लेने गया था और उसपर भारी भरकम गेट गिर पड़ा।
हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे तत्काल मनीमाजरा अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां डाक्टरों ने कुछ देर बाद मृत घोषित कर दिया। कोठी क्रिकेटर युवराज सिंह की माता शबनम की बताई जा रही है। कोठी में पिछले कई दिनों से मरम्मत का काम चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने बच्चे के परिजन को सूचना दी। पुलिस ने देर रात तक घटना के संबंध में केस दर्ज नहीं किया था। एमडीसी थाना पुलिस का कहना है कि यह घटना महज एक हादसा है। पोस्टमार्टम के लिए शव को सेक्टर-6 स्थित पंचकूला सामान्य अस्पताल में भेज दिया गया है। यदि पीड़ित परिवार इस मामले में शिकायत करता है तो केस दर्ज कर जांच की जाएगी।
कोठी क्रिकेटर युवराज सिंह की माता शबनम की बताई गई है
युवराज सिंह मां के साथ
- फोटो : file photo
जानकारी के कुलदीप अपने परिवार के साथ एमडीसी में झुग्गी में रहता था। उसका परिवार मजदूरी करता है। बुधवार को वह अपने मामा भैया लाल के साथ पावर हाउस के पीछे स्थित कोठी नंबर 18-सी में पानी लेने गया था। यह कोठी क्रिकेटर युवराज सिंह की माता शबनम की बताई गई है।
कोठी में पिछले कई दिनों से मरम्मत कार्य चल रहा है। जब भैया लाल पानी भर रहा था तो कुलदीप खेलते हुए कोठी के गेट के पास चला गया। कुलदीप ने खेलते हुए गेट को छेड़ दिया, जिससे गेट उसके ऊपर ही गिर गया।
गेट के नीचे आने से कुलदीप के सिर में गहरी चोट लगी और वह लहूलुहान हो गया। उसे तत्काल मनीमाजरा के अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उपचार के दौरान डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
एमडीसी थाना प्रभारी राजेश कुमारी ने बताया की उन्हें रात करीब पौन 10 बजे जानकारी मिली थी। इसके बाद एएसआई कृष्ण कुमार को मौके पर भेजा गया। घटना की जांच चल रही है। इसके बाद केस दर्ज किया जाएगा।