चंडीगढ़। सेक्टर-34 के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में चौथे मिनी कोविड केयर केंद्र का उद्घाटन शुक्रवार को प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने उद्घाटन किया। इसे कंधारी बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किया गया है। धर्मपाल ने कहा कि कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए अन्य संस्थाओं को भी मदद के लिए आगे आना चाहिए।
कंधारी बेवरेज के संयुक्त प्रबंध निदेशक विक्रम कंधारी ने धर्मपाल को बताया कि केंद्र में ऑक्सीजन वाले 50 बेड की व्यवस्था है और संक्रमितों का ध्यान रखने के लिए योग्य चिकित्सा और पैरा-मेडिकल स्टाफ तैनात किया गया है। केंद्र के बाहर हर समय एक एंबुलेंस मौजूद रहेगी। वहीं, मरीजों के लिए संगीत, योग और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई है। संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने मिनी कोविड केयर केंद्र स्थापित करने का आह्वान किया है। इच्छुक व्यक्ति, संघ, स्वैच्छिक संगठन, गैर सरकारी संगठन, धार्मिक संगठन, कारपोरेट, फर्म या ट्रस्ट स्वेच्छा से इसकी स्थापना के लिए आगे आ सकते हैं। यहां रहना, खाना, दवाइयां और अन्य सुविधाएं मुफ्त होंगी।