चंडीगढ़/पंचकूला/मोहाली। ट्राइसिटी में सोमवार को 2004 नए संक्रमित मिले, जबकि 18 मरीजों की मौत हो गई। एक दिन में मृतकों का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। चंडीगढ़ में 821, मोहाली में 749 और पंचकूला में 434 मरीज मिले हैं। वहीं, सबसे अधिक मोहाली में 11, चंडीगढ़ में पांच और पंचकूला में दो संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। इससे पहले चंडीगढ़ में 23 अप्रैल को 828 मरीज मिले थे और उस दिन 3 मरीजों की मौत की पुष्टि की गई थी।
शहर में सोमवार को जिन पांच मरीजों की मौत हुई, उनमें सेक्टर-52 निवासी 40 वर्षीय और सारंगपुर निवासी 45 वर्षीय महिला की जीएमसीएच-32, मनीमाजरा निवासी 70 साल के वृद्ध और सेक्टर-38 वेस्ट निवासी 80 साल की वृद्धा की जीएमएसएच-16 में मौत हो गई। वहीं, खुड्डा लाहौरा निवासी 65 साल के वृद्ध की पीजीआई में मौत हो गई। ये सभी कोरोना संक्रमित होने के अलावा किसी न किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे।
दूसरी ओर, एकांतवास में रखे गए 477 मरीजों को 10 दिन की अवधि करने पर सोमवार को छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 3902 लोगों की कोरोना जांच की, जिनमें से 821 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 65 की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। शहर में सक्रिय केसों की संख्या 5575 हो गई है, जबकि अब तक 440 मरीजों की मौत हो चुकी है।
मनीमाजरा में सबसे ज्यादा 35 संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा सेक्टर-45 से 32, सेक्टर-7 से 10, सेक्टर 9 से 11 , सेक्टर 11 से 14, सेक्टर 15 से 19, सेक्टर 18 से 13, सेक्टर 19 से 20 , सेक्टर 20 से 21 , सेक्टर 21 से 24, सेक्टर 22 से 23, सेक्टर 25 से 12, सेक्टर 27 से 16 , सेक्टर 32 से 23, सेक्टर 37 से 19, सेक्टर 34 से 13, सेक्टर 35 से 22, सेक्टर 37 से 15, सेक्टर 38 से 18 , सेक्टर 40 से 16 , सेक्टर 41 से 27 , सेक्टर 42 से 22, सेक्टर 43 से 13, सेक्टर 44 से 19, सेक्टर 46 से 18, सेक्टर 47 से 10, सेक्टर 48 से 15, सेक्टर 49 से 16 , सेक्टर 50 से 20, दड़वा से 12, धनास से 26, हल्लोमाजरा से 28, मलोया से 17, मौलीजागरां से 14 और पीजीआई से 7 संक्रमित मरीज मिले हैं।
मोहाली में 749 संक्रमित मिले, अबतक 556 मौतें
मोहाली। जिले में सोमवार को 11 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई, जबकि 749 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें से अकेले ढकोली में सबसे ज्यादा 291 केस और सबसे कम पांच केस बनूड़ में मिले हैं। जिले में अब तक कोरोना से मृतकों की संख्या 556 पहुंच गई।
डीसी गिरीश दियालन ने कहा कि कोरोना महामारी की चपेट में आने से लोगों को बचाने के लिए हर संभव उपाय किए जा रहे हैं। लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है और इससे बचने के लिए लोगों को खुद ही अपना ध्यान रखना होगा। जिले में रोजाना 400 से अधिक लोगों की कोविड की जांच की जा रही हैं। बता दें कि जिले में अब तक 42611 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 33904 लोग ठीक हो चुके हैं और अभी जिले में 8151 मरीज सक्रिय हैं।
पंचकूला में दो मरीजों ने तोड़ा दम
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में सोमवार को कोरोना से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 434 नए संक्रमित लोग सामने आए हैं। जिन महिलाओं की मौत हुई उसमें से एक उच्च रक्तचाप से पीड़ित थी। संक्रमण से सेक्टर-4 की रहने वाली एक 68 वर्षीय जबकि वासुदेवपुरा की 50 वर्षीय महिला की मौत हुई है। जिले में अभी तक संक्रमण से 185 लोगों की मौत हो चुकी है। रिकवरी रेट भी 85.30 फीसदी पर आ चुका है। पंचकूला में सक्रिय मामलों की संख्या 2633 पहुंच चुकी है।
कोरोना संक्रमण पर पंचकूला सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि जिले में संक्रमण के 434 मामले सामने आए हैं। यह सभी मामले पंचकूला के हैं। उन्होंने बताया कि जिन मरीजों में संक्रमण पाया गया है उनको आइसोलेट कर दिया गया है। इसके अलावा जिला स्वास्थ्य विभाग ने पंचकूला में अब तक कुल 266639 सैंपल लिए हैं। इसमें से 26559 संक्रमित मिले हैं। इसमें पंचकूला के 19539 शामिल हैं। इनमें से अब तक 16721 लोग ठीक हो चुके हैं।