चंडीगढ़। पीजीआई में अगर किसी डॉक्टर के साथ मरीज के परिजनों या बाहर के लोगों ने मारपीट की आरोपित पर डॉक्टर नहीं संस्थान एफआईआर करवाएगा। यह बात पीजीआई निदेशक प्रो. विवेक लाल ने शनिवार को रेजिडेंट्स डॉक्टरों से कही।
कार्यभार संभालने के बाद पहली बार उन्होंने डॉक्टरों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों की समस्याएं सुनीं और उसके समाधान का आश्वासन भी दिया। संवाद के दौरान निदेशक ने अपने कॉलेज के दिनों से जुड़ी यादें भी डॉक्टरों से साझा कीं। रेजिडेंट्स डॉक्टरों ने प्रोफेसर विवेक लाल को खुलकर समस्याएं बताईं। खानपान से जुड़ी समस्या को लेकर निदेशक ने कैंटीन, मैस से जुड़ी समस्याओं को गंभीर बताते हुए इसे शीघ्र सुलझाने की बात कही। पीजीआई रेजिडेंट्स डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राहुल चक्रवर्ती ने मरीजों के इलाज के दौरान सामने आने वाली समस्याओं से भी निदेशक को अवगत कराया। इस पर प्रो. विवेक ने कहा कि मरीजों की संख्या पर नियंत्रण करना तो उनके हाथ में नहीं है, लेकिन मानव संसाधन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने का वे अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास करेंगे।