चंडीगढ़। खुड्डा अली शेर स्थित एक किराए के मकान में व्यक्ति ने पंखे से फंदा लगा लिया। व्यक्ति ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया, जब वह घर में अकेला था। मृतक की पहचान मूल रूप से होशियारपुर निवासी वरिंदर सिंह (36) के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने सीआरपीसी 174 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। पुलिस के मुताबिक उसकी पत्नी पिछले दो महीने से अमृतसर में रह रही थीं। वरिंदर आईटी पार्क स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। मंगलवार को मकान मालिक ने उसे फंदे से लटकता देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे फंदे से उतारकर जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस की जांच में अब तक वरिंदर के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं लगाया जा सका है। उसके परिजनों के बयान दर्ज होने केे बाद ही मामले का खुलासा होगा। ब्यूरो