पंजाब में रेत माफिया के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि मीडिया वालों को भी नहीं बख्शा। एक टीवी चैनल की टीम पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। घटना पंजाब के फिरोजपुर में अंजाम दी गई। जलालाबाद के गांव अमीर खास के पास थारेवाला मोड़ स्थित रेत के गड्ढे पर रविवार दोपहर तीन बजे चंडीगढ़ से एक टीवी चैनल की टीम कवरेज करने पहुंची।
इसी दौरान रेत माफिया ने उन पर हमला बोल दिया, इसमें कैमरामैन और पत्रकार समेत चार लोग जख्मी हो गए। सभी सरकारी अस्पताल में दाखिल हैं। चैनल टीम के पत्रकार नीरज बाली वासी चंडीगढ़ ने बताया कि वे पूरे पंजाब में रेत खनन पर स्टोरी तैयार कर रहे हैं। रविवार दोपहर तीन बजे वे जलालाबाद के गांव अमीर खास के पास थारेवाला मोड़ स्थित रेत गड्ढे पर पहुंचे और वहां के ठेकेदार से बातचीत की।
उसने पहचान पत्र मांगा, उसे पहचान पत्र दिखाया। पहचान पत्र देखते ही ठेकेदार ने उसे थप्पड़ मारा और बाजू मरोड़कर जमीन पर गिरा दिया। उसके बाद वहां काम कर रही लेबर ने भी उन पर हमला बोल दिया। हमले में कैमरामैन संदीप कुमार और नीरज बाली के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। वहीं बठिंडा निवासी प्रीतपाल और सूरजभान जख्मी हो गए हैं।