यूटी प्रशासन के आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से छह बार आवेदन मंगाने के बाद भी 77 शराब के ठेके नीलाम नहीं हो सके हैं।
अब प्रशासन इनमें से सिर्फ एक अंग्रेजी ठेके की नीलामी कराने का प्रयास कर रहा है। आबकारी एवं कराधान विभाग ने सेक्टर-7 के एक शराब के ठेके की नीलामी के लिए 23 दिसंबर को शाम 5 बजे तक बिड आमंत्रित की है।
बिड के आधार पर 24 दिसंबर को उपायुक्त कार्यालय में इस ठेके की नीलामी होगी। प्रशासन के अधिकारियों की उम्मीद है कि इस बार यह ठेका नीलाम हो जाएगा।
प्रशासन की ओर से 30 अक्तूबर तक 57 अंग्रेजी और 20 देसी शराब के ठेकों के लिए आवेदन मांगे थे। प्रशासन ने छठी बार ठेकों को नीलाम करने की कोशिश की थी।
लेकिन, एक भी आवेदन न आने के कारण नीलामी नहीं हो सकी थी। इससे पहले जब प्रशासन ने पांचवीं बार आवेदन मंगवाए थे, तब भी कोई आवेदन नहीं पहुंचा था।
इस साल एक्साइज ड्यूटी बढ़ने के कारण ठेकेदार नहीं मिल पा रहे हैं। ठेकेदारों की ओर से शराब के ठेके सरेंडर करने के खेल रोकने के लिए प्रशासन को अर्नेस्ट मनी भी बढ़ानी पड़ी थी।
ऐसा पहली बार हुआ है जब शहर में एक्साइज पॉलिसी लागू होने के छह माह बाद भी 77 शराब के ठेके खाली पड़े हैं। इससे प्रशासन को काफी नुकसान भी हो रहा है।