कहा- अस्पतालों में पावर बैकअप को लेकर मुख्य सचिव दाखिल करें हलफनामा
ऑपरेशन के दौरान राजिंदरा अस्पताल में पावर कट से जुड़े मामले में जवाब तलब
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पटियाला के राजिंदरा अस्पताल के आपातकालीन ऑपरेशन थिएटर में बिजली आपूर्ति में बाधा के कारण कैंसर सर्जरी रुकने के मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने कहा कि आपके सचिवालय में सेकेंडों पावर बैकअप की व्यवस्था है तो अस्पतालों में क्यों नहीं। अस्पताल में लोगों का जीवन सेकेंडों पर निर्भर होता है, मुख्य सचिव को हाईकोर्ट ने हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया है।
हाईकोर्ट की वकील सुनैना ने याचिका दायर कर हाईकोर्ट को बताया कि पिछले दिनों पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में कैंसर सर्जरी के दौरान बिजली चल गई। इस घटना का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक डॉक्टर बिजली गुल होने और मरीजों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते नजर आए थे। यह वीडियो एक प्रमुख साक्ष्य बन गया है।
याचिकाकर्ता ने इस घटना को गंभीर बताते हुए सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन ऑपरेशन थिएटर के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि इस चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। याची ने कहा कि इस घटना ने मरीजों की सुरक्षा और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हाईकोर्ट को बताया गया कि बीती 4 फरवरी को ऐसा ही एक मामला पंजाब में फिर सामने आया था। इस दौरान पंजाब सरकार ने जवाब दाखिल किया तो हाईकोर्ट ने इस पर असंतोष जताते हुए कहा कि सचिवालय में बाबुओं के लिए तो तुरंत पावर बैकअप की व्यवस्था है तो अस्पतालों में मिनटों का समय क्यों लगता है। हाईकोर्ट ने अब इस मामले में मुख्य सचिव को हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया है।