चंडीगढ़। कलाग्राम स्थित जंगल बार क्लब में एंट्री नहीं मिलने पर 8 से 10 युवकों ने जमकर बवाल काटा। क्लब के बाहर खड़ी आठ गाड़ियों के शीशे तोड़ डाला। एक बाउंसर की छाती पर तलवार से हमला किया। वहीं, पार्टी करने आए युवक के गले पर हथियार रख दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने तीन राउंड फायरिंग भी की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक भाग निकले। घटना शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे की है। उधर, पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है लेकिन जांच की जा रही है। पुलिस को मौके से एक कंटीली तारों वाला डंडा बरामद हुआ है।
पुलिस ने बताया कि जंगल बार में दिल्ली से डीजे आया हुआ था और प्राइवेट पार्टी चल रही थी। इस दौरान चार युवक एंट्री के लिए गेट पर पहुंचे तो बाउंसरों ने रोक कर कहा कि प्राइवेट पार्टी चल रही है, एंट्री नहीं मिल सकती। इस पर युवक भड़क गए और साथियों के साथ आठ गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले।
क्लब में पार्टी करने आए विशाल ने बताया कि जब वह क्लब के बाहर निकले तो एक युवक गाड़ियों की तरफ जा रहा था। उसने विशाल के गले पर तेजधार हथियार रख दिया और उनकी जेब चेक की। एक जेब में चाबी और दूसरी जेब में मोबाइल था। विशाल ने उसे कहा कि गाड़ी में उसकी मां बैठी हैं। इसके बाद हमलावर ने उन्हें जाने दिया। इसके बाद करीब 8 से 10 हमलावरों ने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पत्थर और डंडे से हमला किया और भाग निकले।
‘मेरे सामने युवकों ने किए फायर’
क्लब में पार्टी करने आए कुणाल बत्रा ने बताया कि बांउसर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। बाहर उन्हें पथराव की आवाजें आईं तो वह बाहर निकले। कुणाल ने कहा कि मेरे सामने युवकों ने तीन राउंड फायर किए गए। सूचना पर मौलीजागरां थाने से एएसआई कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार मौके पर उन्हें कारतूस के खोल बरामद नहीं हुए। वहीं, कलाग्राम में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने बताया कि 4 से 5 हमलावर आए थे। उन्हें क्लब में एंट्री नहीं मिली तो तोड़फोड़ कर निकल गए। हालांकि उसने फायरिंग की घटना से इंकार किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि 8 गाड़ियों के शीशे टूटने की जानकारी है। पुलिस ने घटनास्थल की विडियोग्राफी भी की और क्लब संचालकों से पूछताछ की।
बॉक्स
दावा : बापूधाम के थे युवक
क्लब में पार्टी करने आए युवकों ने बताया कि हमलावर सेक्टर-26 स्थित बापूधाम कॉलोनी के थे। वह खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का साथी बता रहे थे। हालांकि हमला करने के बाद सभी तुरंत मौके से भाग निकले।
वर्जन
मामले में किसी ने कोई शिकायत नहीं दी है। पुलिस फिर भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। जहां तोड़फोड़ हुई है वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं।
-जयवीर राणा, थाना प्रभारी, मौलीजागरां