हरियाणा के कई सरकारी स्कूल ऐसे हैं, जहां कंप्यूटर लैबों की हालात जर्जर हैं। इन स्कूलों में न तो इन लैब को नियमित रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है और न ही इनकी मेंटेनेंस। इस तरह की शिकायतें हरियाणा माध्यमिक शिक्षा निदेशालय तक पहुंचने के बाद निदेशक नाराज हैं। जिसके चलते निदेशालय के आईसीटी सैल की ओर से सभी जिलों के शिक्षा व मौलिक शिक्षा अधिकारियों के मार्फत सरकारी स्कूल मुखियाओं को चेतावनी के अंदाज में निर्देश दिए गए हैं।
हरियाणा में 3117 सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा को बढ़ावा देने के मकसद से आईसीटी कंप्यूटर लैब स्थापित की गई हैं। छठी से लेकर बारहवीं कक्षा तक के छात्रों को यहां कंप्यूटर एजुकेशन दी जानी है। मगर निदेशालय के संज्ञान में आया है कि कई सरकारी स्कूल ऐसे हैं, जहां इन कंप्यूटर लैबों को उचित ढंग से मेंटेन नहीं किया जा रहा है। जिस वजह से इन स्कूलों में छात्रों के लिए कंप्यूटर शिक्षा भी प्रभावित हो रही है।
इसी के मद्देनजर शिक्षा अधिकारियों के मार्फत सभी स्कूल मुखियाओं को चेतावनी दी गई है कि वे दस दिन के भीतर आईसीटी कंप्यूटर लैब को सही ढंग से मेंटेन कर लें। कोई उपकरण खराब है, तो उसे दुरुस्त करवा लें। उसके बाद प्रदेशभर में बड़े स्तर पर इन कंप्यूटर लैब की चैकिंग के लिए औचक निरीक्षण अभियान शुरू किया जाएगा।
इस निरीक्षण के दौरान यदि कोई लैब में कोई उपकरण अच्छी कंडीशन में नहीं मिला तो इसकी व्यक्तिगत जिम्मेवारी स्कूल मुखिया की होगी। लिहाजा इन निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।